शक्तिनगर/सोनभद्र। अजयन्त सिंह। जनपद सोनभद्र में मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध बिक्री पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शक्तिनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर एक शातिर तस्कर को 1 किलो 571 ग्राम अवैध गांजे के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह प्रभावी कार्यवाही पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (नगर)अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के कुशल मार्गदर्शन में थाना शक्तिनगर पुलिस द्वारा अमल में लाई गई। मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार (8 अगस्त 2026) को दोपहर करीब 2:20 बजे थाना शक्तिनगर पुलिस टीम को मुखबिर से अवैध मादक पदार्थ की तस्करी की सटीक सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए शक्तिनगर थाना क्षेत्र के के.एन.वाई. शिव मंदिर के पास, डफाली बस्ती (जामशीला) में घेराबंदी की। मौके से पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को रोककर जब उसकी तलाशी ली, तो उसके कब्जे से 1 किलोग्राम 571 ग्राम नाजायज गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजे के साथ गिरफ्तार किए गए अभियुक्त की पहचान शिवम गुप्ता उर्फ पुष्पा (उम्र करीब 19 वर्ष), पुत्र शिवचरण गुप्ता, निवासी ग्राम कोहरौल, थाना शक्तिनगर, जनपद सोनभद्र के रूप में हुई है। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ सुसंगत धाराओं (एनडीपीएस एक्ट) में मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्यवाही पूर्ण की और उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जेल भेज दिया है।
सोनभद्र शक्तिनगर पुलिस को मिली बड़ी सफलता 1.57 किलो अवैध गांजे के साथ शातिर तस्कर गिरफ्तार
Related Posts
Add A Comment

