सोनभद्र । जनपद सोनभद्र में संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य सहयोगी विभागों द्वारा व्यापक स्तर पर रोकथाम एवं जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। मानसून के मौसम में मच्छरजनित और जलजनित बीमारियों के खतरे को देखते हुए ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में साफ-सफाई, हैंडपंपों के क्लोरीनीकरण, नालियों की सफाई और एंटी-लार्वा छिड़काव/फॉगिंग का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के स्पष्ट निर्देशों के अनुक्रम में जनपद के उच्च जोखिम (High-Risk) वाले गांवों को चिन्हित कर विशेष माइक्रोप्लान के तहत स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान में ग्राम पंचायत स्तर पर सफाईकर्मी, पंचायत सहायक, आशा बहुएं, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री एवं ग्राम प्रधानों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कराई जा रही है। ग्रामीणों को अपने आसपास जलभराव न होने देने, व्यक्तिगत स्वच्छता अपनाने और किसी भी प्रकार के बुखार या लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करने हेतु प्रेरित किया जा रहा है। रोग नियंत्रण के लिए जिले में बहुआयामी रणनीति पर काम किया जा रहा है। परिषदीय एवं अन्य विद्यालयों के बच्चों द्वारा जागरूकता रैलियां निकाली जा रही हैं। ग्राम सभाओं के माध्यम से ग्रामीणों को शौचालय के नियमित प्रयोग और मच्छरजनित रोगों से बचाव की जानकारी दी जा रही है। दस्तक अभियान के तहत स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की टीमें घर-घर जाकर बुखार, आईएलआई , टीबी (क्षय रोग), डायरिया और कुपोषण से पीड़ित संभावित मरीजों की पहचान कर रही हैं। चिन्हित मरीजों की तत्काल जांच कराकर उन्हें मुफ्त दवाएं और आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रशासन ने समस्त जनपदवासियों से अपील की है कि वे संचारी एवं दस्तक अभियान में सक्रिय सहयोग दें तथा अपने घर व आसपास स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें।
सोनभद्र संचारी एवं दस्तक अभियान के तहत जिले में स्वच्छता व रोग नियंत्रण गतिविधियां तेज उच्च जोखिम वाले गांवों में विशेष अभियान
Related Posts
Add A Comment

