रॉबर्ट्सगंज/सोनभद्र आगामी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद सोनभद्र में हर घर तिरंगा अभियान-2026 को 13 से 15 अगस्त तक अभूतपूर्व जनसहभागिता के साथ मनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें अभियान को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए गए। जिलाधिकारी ने संबोधित करते हुए कहा कि हर घर तिरंगा अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के दिल में राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करना, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान प्रकट करना और स्वतंत्रता दिवस को जन-जन का उत्सव बनाना है। अभियान के तहत 13 से 15 अगस्त तक जिले के सभी आवासीय भवनों, सरकारी व गैर-सरकारी दफ्तरों, शैक्षणिक संस्थानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, शहीद स्मारकों और अमृत सरोवरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा।
प्रमुख स्थलों पर आकर्षक एचजीटी (HGT) सेल्फी बूथ स्थापित किए जाएंगे, जहाँ नागरिक तिरंगे के साथ फोटो खींचकर आधिकारिक वेबसाइट (www.harghartiranga.com) पर अपलोड कर सकेंगे। अभियान के दौरान जनपद में भव्य तिरंगा मेला, प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जहाँ राष्ट्रीय ध्वज, खादी वस्त्र और स्थानीय देशभक्ति सामग्री का प्रदर्शन व विक्रय किया जाएगा।
नागरिकों को आसानी से तिरंगा उपलब्ध कराने के लिए स्वयं सहायता समूहों (SHGs), राशन दुकानों (PDS), खादी भंडारों और स्थानीय कपड़ा व्यापारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
बेसिक और माध्यमिक विद्यालयों में छात्र-छात्राओं द्वारा वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के बाद प्रभात फेरियां और तिरंगा रैलियां निकाली जाएंगी। छात्रों के बीच सामान्य ज्ञान, खो-खो, कबड्डी और रस्साकशी जैसी खेल प्रतियोगिताएं होंगी। अंत में मिष्ठान और फल वितरित किए जाएंगे।आंगनबाड़ी केंद्रों, वृद्धाश्रमों, अनाथालयों, दिव्यांग आश्रमों और बाल सुधार गृहों में 15 अगस्त को विशेष कार्यक्रम कर मिठाइयां बांटी जाएंगी। ग्राम पंचायतों और अमृत सरोवरों पर ग्राम प्रधानों एवं सचिवों द्वारा ध्वजारोहण कर देशभक्ति गोष्ठियां आयोजित होंगी। 15 अगस्त को जिला स्तरीय मुख्य समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों, देश के लिए प्राण न्योछावर करने वाले शहीद सैनिकों के परिवारों तथा पूर्व सैनिकों को पूरे सम्मान के साथ सम्मानित किया जाएगा। ऐतिहासिक शहीद स्थलों पर पुलिस, पीएसी और होमगार्ड के बैंड द्वारा राष्ट्रभक्ति की धुनों का वादन किया जाएगा। इसके अलावा एनसीसी, एनएसएस, नेहरू युवा केंद्र और खेल विभाग के सहयोग से भव्य तिरंगा बाइक रैली निकाली जाएगी। समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी (CDO) जागृति अवस्थी, जिला विकास अधिकारी (DDO) हेमंत कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) वागीश कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रमेश चंद्र, जिला पंचायत राज अधिकारी (DPRO) नमिता शरण, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, पर्यटन अधिकारी राजेश भारती समेत सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
सोनभद्र 13 से 15 अगस्त तक जनपद में व्यापक स्तर पर मनाया जाएगा हर घर तिरंगा अभियान डीएम ने की समीक्षा बैठक
Related Posts
Add A Comment

