अनपरा (सोनभद्र)17 मई 2026 स्थानीय अनपरा तापीय परियोजना प्रबंधन द्वारा रविवार को कॉलोनी परिसर में स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत अभियान के तहत एक व्यापक और वृहद स्वच्छता अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। इस विशेष मुहिम का उद्देश्य परियोजना क्षेत्र और आवासीय परिसर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल बनाना है।
यह अभियान रविवार सुबह ठीक सात बजे श्री शिव मंदिर प्रांगण से प्रारंभ हुआ, जो कॉलोनी के विभिन्न मुख्य मार्गों से गुजरता हुआ श्री रामलीला मैदान पर जाकर संपन्न हुआ। अभियान का नेतृत्व स्वयं परियोजना प्रमुख एवं मुख्य महाप्रबंधक (सीजीएम) इं. अजय कुमार कटियार ने किया। उन्होंने जमीन पर उतरकर खुद झाड़ू थामी और श्रमदान कर इस अभियान की औपचारिक शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने परियोजना के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और कार्यरत कर्मियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। कर्मचारियों को संबोधित करते हुए इं. अजय कुमार कटियार ने कहा व्यक्तिगत और सामूहिक प्रयासों के समन्वय से ही एक स्वच्छ एवं स्वस्थ कार्य वातावरण की स्थापना संभव है। स्वच्छता केवल सतही साफ-सफाई तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारे जीवन का एक अत्यंत महत्वपूर्ण हिस्सा है। बेहतर कचरा प्रबंधन और स्वच्छ वातावरण ही हमारे उन्नत स्वास्थ्य की असली कुंजी है। उल्लेखनीय है कि परियोजना प्रमुख द्वारा विगत एक माह से लगातार प्लांट और परियोजना के विभिन्न कार्य स्थलों का खुद बारीकी से निरीक्षण किया जा रहा है और वहां व्यापक स्तर पर साफ-सफाई सुनिश्चित कराई जा रही है। मुख्य महाप्रबंधक को स्वयं सफाई अभियान में इस तरह जुड़े देखकर उपस्थित कार्मिकों में भारी उत्साह और प्रेरणा का माहौल देखा गया। परियोजना प्रबंधन ने इस अभियान को निरंतर जारी रखने का एक ठोस खाका तैयार किया है। इसके तहत अब श्रमदान के रूप में हर रविवार को कॉलोनी के विभिन्न पार्कों, खेल मैदानों और धार्मिक स्थलों इत्यादि की साफ-सफाई का कार्य नियमित रूप से किया जाएगा। इसी योजना के तहत आगामी रविवार को सीआईएसएफ (CISF) ग्राउंड में स्वच्छता अभियान चलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सीजीएम ने कॉलोनी के सभी निवासियों और कर्मियों से इसमें बढ़-चढ़कर भाग लेने की भावुक अपील की है। परियोजना परिसर को पूरी तरह प्रदूषण मुक्त और हरा-भरा बनाने के लिए प्रबंधन ने एक बड़ी योजना बनाई है। पर्यावरण को शुद्ध करने के दृष्टिगत आगामी माह से आवासीय परिसर तथा प्लांट के अंदर सैकड़ों पौधों का रोपण किया जाएगा। केवल पौधे लगाए ही नहीं जाएंगे, बल्कि उनके शत-प्रतिशत संरक्षण की भी जिम्मेदारी तय की जाएगी। इस महा-अभियान में परियोजना के शीर्ष अधिकारियों से लेकर विभिन्न कर्मचारी व श्रमिक संगठनों के पदाधिकारियों और दर्जनों कार्मिकों ने कंधे से कंधा मिलाकर कार्यालय व आवासीय परिसरों में श्रमदान किया। महाप्रबंधक प्रशासन इं. सोमनाथ मिश्रा, अधीक्षण अभियंता (मुख्यालय) इं. कर्मेंद्र सिंह, अधीक्षण अभियंता इं. विमलेंद्र सिंह, इं. उत्पल शंकर, इं. महेंद्र सिंह, अधिशासी अभियंता इं. अदालत वर्मा, इं. प्रभाकर सिंह, इं. ज्ञानेंद्र सिंह, इं. बी.आर. पटेल, इं. संजय महतो, इं. बृजेंद्र सिंह, सहायक अभियंता इं. पंकज पांडेय, इं. अनिल निगम, इं. त्रियुगी नारायण, इं. राजेश पांडेय, अशोक शुक्ला और मुख्य रसायनज्ञ दिनेश सिंह। वी.के. आनंद, बृज बिहारी यादव, आर.एन. तिवारी, अभिषेक सिंह, राकेश राय, राजकुमार यादव, सीलियम मसीह, मुकेश जायसवाल, राकेश जायसवाल, इंद्रेश सिंह, योगेंद्र मिश्रा, सूरज गुप्ता, नीरज जायसवाल, जितेंद्र जायसवाल, सतीश मधुकर, अभय सिंह, प्रभाकर सिंह, राकेश चौहान, दिनेश श्रीवास्तव, सतेंद्र मौर्या, अश्विनी कुमार, मनीष सिंह, श्याम बिहारी सिंह, सतीश सिंह, सुभाष सिंह, कृष्णा जायसवाल, इंद्रजीत, विकास कुमार, चंदन, सत्य भूषण शर्मा और शैलेन्द्र गुप्ता सहित दर्जनों अन्य कार्मिकों ने पूरे उत्साह के साथ सफाई कर समाज को स्वच्छता का एक सकारात्मक संदेश दिया।
अनपरा तापीय परियोजना में स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत अभियान का शंखनाद सीजीएम ने दिलाई शपथ, हर रविवार को होगा सामूहिक श्रमदान
Related Posts
Add A Comment

