अनपरा/सोनभद्र । नगर पंचायत अनपरा क्षेत्र में जनसुविधाओं एवं विकास परियोजनाओं की धीमी प्रगति को लेकर प्रशासनिक चाबुक चला है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने शक्तिनगर स्थित ए.के. गेस्ट हाउस में संबंधित अधिकारियों व कार्यदायी संस्थाओं के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान नगर पंचायत अनपरा में प्रस्तावित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) निर्माण हेतु अब तक भूमि का चिन्हांकन न किए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए जिम्मेदार अधिकारियों को आड़े हाथों लिया। समीक्षा के दौरान एसटीपी निर्माण की स्थिति असंतोषजनक पाए जाने पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी (EO) नगर पंचायत अनपरा तथा संबंधित क्षेत्र के लेखपाल को सख्त हिदायत दी। उन्होंने निर्देशित किया कि एसटीपी निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि का स्थल चिन्हांकन और उससे जुड़ी सभी प्रशासनिक/विभागीय औपचारिकताएं बिना किसी विलंब के तत्काल पूर्ण कराई जाएं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट लहजे में चेतावनी दी एसटीपी जैसे महत्वपूर्ण पर्यावरणीय एवं जनहितकारी प्रकल्प में किसी भी स्तर पर शिथिलता या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारी निर्धारित समय-सीमा के भीतर ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें। बैठक में अनपरा व आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में उड़ने वाली ऊर्जा राख के प्रबंधन और निस्तारण पर भी गहन मंथन हुआ। जिलाधिकारी ने तापीय परियोजनाओं एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि फ्लाई ऐश का निस्तारण पूरी तरह से वैज्ञानिक, व्यवस्थित और नियमानुसार होना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि फ्लाई ऐश परिवहन व डंपिंग के दौरान पर्यावरणीय मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए, जिससे स्थानीय नागरिकों के स्वास्थ्य और पर्यावरण पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। सभी विभाग आपस में बेहतर समन्वय बनाकर इसके सुरक्षित और समयबद्ध निस्तारण की प्रभावी कार्ययोजना लागू करें। इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने क्षेत्र में गतिमान विभिन्न विकास परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए उनके क्रियान्वयन में आ रही व्यावहारिक व तकनीकी बाधाओं को तुरंत दूर करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कार्यदायी संस्थाएं और प्रशासनिक विभाग आपसी तालमेल बनाकर कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराएं, ताकि उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुसार जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुँच सके।
अनपरा में एसटीपी निर्माण हेतु भूमि चिन्हांकन में लापरवाही पर जिलाधिकारी सख्त फ्लाई ऐश निस्तारण के भी दिए कड़े निर्देश
Related Posts
Add A Comment

