सोनभद्र। उत्तर प्रदेश आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा को पूरी तरह से सफल, निष्पक्ष, पारदर्शी और शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज (REC) परीक्षा केंद्र का बारीकी से निरीक्षण किया और वहां की सुरक्षा व प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्र के चप्पे-चप्पे की सुरक्षा व्यवस्था को परखा। उन्होंने केंद्र पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों की लाइव फीड, स्ट्रांग रूम की सुरक्षा, कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली और परीक्षा कक्षों में सिटिंग अरेंजमेंट (बैठने की व्यवस्था) का गहनता से मुआयना किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रश्नपत्रों की गोपनीयता और सुरक्षा के साथ किसी भी स्तर पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा। परीक्षा संचालन से जुड़े सेक्टर मजिस्ट्रेटों, केंद्र व्यवस्थापकों और पुलिस अधिकारियों को कड़े लहजे में आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने कहा आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता, शुचिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। परीक्षा के दौरान यदि किसी भी स्तर पर जरा सी भी लापरवाही या अनियमितता सामने आई, तो संबंधित के खिलाफ तत्काल कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा से जुड़ी तमाम बुनियादी और तकनीकी व्यवस्थाएं समय रहते चाक-चौबंद कर ली जाएं। उन्होंने परीक्षा के दिन कड़े सुरक्षा घेरे के बीच हर गतिविधि पर सतत और पैनी निगरानी बनाए रखने के भी निर्देश दिए, ताकि अभ्यर्थी बिना किसी व्यवधान के शांतिपूर्ण माहौल में परीक्षा दे सकें।
आरक्षी नागरिक पुलिस परीक्षा शुचितापूर्ण आयोजन के लिए मुस्तैद प्रशासन, जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज केंद्र का किया औचक निरीक्षण
Related Posts
Add A Comment

