(गाजीपुर)। प्रदेश सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति और जले ट्रांसफार्मरों को 24 घंटे के भीतर बदलने के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन भांवरकोल विकासखंड के ग्राम पंचायत लोचाईन में यह व्यवस्था धरातल पर दम तोड़ती नजर आ रही है।
ग्रामीणों के अनुसार राजस्व गांव दहिनवर में शहीद बाबा के पास लगा 25 केवीए का ट्रांसफार्मर करीब एक माह से जला पड़ा है, जबकि लोचाईन के विश्वकर्मा मंदिर के समीप स्थापित 25 केवीए का ट्रांसफार्मर चार दिन पूर्व जल गया। दोनों ट्रांसफार्मरों के खराब होने से दर्जनों परिवार भीषण गर्मी में अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। बिजली से संचालित दैनिक कार्य पूरी तरह प्रभावित हो गए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि ट्रांसफार्मर जलने की सूचना कई बार संबंधित जेई और एसडीओ को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। अधिकारियों की ओर से केवल एक-दो दिन में ट्रांसफार्मर बदलने का आश्वासन मिलता रहा, लेकिन बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। संपर्क करने पर संबंधित अधिकारियों के मोबाइल फोन भी बंद मिले।
ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं में विभागीय उदासीनता को लेकर आक्रोश बढ़ता जा रहा है। उनका कहना है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।
दहिनवर निवासी हरिनाथ राम, बेचन राम और सामनाथ राम तथा लोचाईन के अतुल कुमार राम, शिवबचन राम और लालचंद प्रजापति ने बताया कि ट्रांसफार्मर जल जाने से लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने शीघ्र नए ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।
Related Posts
Add A Comment

