मोहनलालगंज, लखनऊ पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से शुक्रवार को मोहनलालगंज नगर पंचायत क्षेत्र के रानीखेड़ा स्थित एसडीवी अकैडमी परिसर में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मोहनलालगंज उपजिलाधिकारी पवन पटेल रहे। उन्होंने परिसर में आम, अमरूद, आंवला, शमी, बेला, मौसमी सहित विभिन्न प्रजातियों के फलदार एवं औषधीय पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसडीएम पवन पटेल ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ता प्रदूषण और लगातार घटती हरियाली पूरी मानव सभ्यता के लिए चिंता का विषय है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल भी करे। उन्होंने कहा कि केवल पौधरोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि पौधों को वृक्ष बनने तक संरक्षित रखना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि आज हम प्रकृति का संरक्षण करेंगे तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण, शुद्ध वायु और सुरक्षित जीवन मिल सकेगा।उन्होंने विद्यार्थियों से भी पर्यावरण संरक्षण अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि विद्यालयों में लगाए गए पौधे बच्चों के भीतर प्रकृति के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। वृक्ष धरती का आभूषण हैं और इनके बिना मानव जीवन की कल्पना संभव नहीं है।इस अवसर पर एसडीवी अकैडमी के प्रबंधक एवं उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षक संघ, लखनऊ मंडल के मंडल अध्यक्ष लवकुश यादव प्रधान ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों के निर्वहन को भी प्राथमिकता देता है। पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से समय-समय पर वृक्षारोपण अभियान चलाए जाते हैं और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिसर को पूरी तरह हरित और स्वच्छ बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने तथा अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने का सामूहिक संकल्प लिया।इस दौरान संदीप सिंह, प्रांशु कुमार, अभिषेक, उदयराज, प्रिंस सहित एसडीवी अकैडमी के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण की शपथ के साथ हुआ।
एसडीवी अकैडमी में एसडीएम ने किया वृक्षारोपण, बोले हर व्यक्ति लगाए एक पौधा, तभी सुरक्षित होगा भविष्य
Related Posts
Add A Comment

