ओबरा (सोनभद्र)।ओबरा नगर के कलस भवन में बच्चों के बहुमुखी विकास को समर्पित पाँच दिवसीय नवरंग समर कैंप का भव्य आयोजन किया जा रहा है। पतंजलि योगपीठ हरिद्वार से सम्बद्ध भारत स्वाभिमान (सोनभद्र) के जिला प्रभारी वीरेंद्र योगी जी के नेतृत्व में इस कैंप में बच्चों को मानसिक और शारीरिक रूप से सुदृढ़ बनाने के लिए विशेष योग सत्रों का संचालन किया जा रहा है।यह समर कैंप 16 जून 2026 से 20 जून 2026 तक आयोजित है, जिसमें ओबरा नगर के बच्चे बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। कैंप के दौरान जिला प्रभारी वीरेंद्र योगी जी ने बच्चों को बेहद सरल और रोचक तरीके से खेल-खेल में योग के गुण सिखाए। उन्होंने बच्चों और अभिभावकों की सबसे बड़ी चिंता पढ़ाई में मन कैसे लगे का समाधान बताते हुए ओम् ध्यान योग का अभ्यास कराया। योगी जी ने बताया कि नियमित ध्यान से बच्चों की स्मरण शक्ति और एकाग्रता में अभूतपूर्व वृद्धि होती है। शिविर में बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए पूज्य श्रद्धेय स्वामी रामदेव जी महाराज द्वारा निर्देशित विशेष योग पैकेज का अभ्यास कराया गया। इसके अंतर्गत मुख्य रूप से निम्नलिखित आसन और प्राणायाम सिखाए गए। ताड़ासन का विशेष अभ्यास कराया गया। पश्चिमोत्तानासन और सर्वांगासन (स्वर्ग आसन) का अभ्यास। सूर्य नमस्कार के विभिन्न चरणों को बारीकी से सिखाया गया। कपालभाति और अनुलोम-विलोम प्राणायाम का नियमित अभ्यास कराया गया, ताकि बच्चे स्वस्थ जीवनशैली अपना सकें। महर्षि पतंजलि द्वारा प्रतिपादित अष्टांग योग और आसनों के नियमित अभ्यास से ही हम अपने शरीर और मन को पूरी तरह स्वस्थ रख सकते हैं। ओबरा नगर के प्रत्येक बच्चे में योग के प्रति जागरूकता पैदा करना ही हमारा मुख्य संकल्प है। वीरेंद्र योगी, जिला प्रभारी (भारत स्वाभिमान, सोनभद्र) यह समर कैंप केवल योग तक ही सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों की रचनात्मकता को निखारने के लिए यहाँ कई अन्य गतिविधियों का भी आयोजन किया जा रहा है। कैंप में बच्चे निम्नलिखित विधाएँ सीख रहे हैं। डाइंग और रंगोली मेकिंग, डांस और विभिन्न मनोरंजक गेम्स, क्राफ्ट और राइटिंग (सुलेख), सुधार विधाएँ समर कैंप की सफल संचालिका मिनाक्षी मौर्य और ऋचा वर्मा समेत अन्य सहयोगी बहनों ने संयुक्त रूप से कहा कि आज के डिजिटल युग में बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए ऐसे समर कैंप बेहद आवश्यक हैं। इससे बच्चों को एक सकारात्मक माहौल मिलता है और वे अपनी ऊर्जा का सही दिशा में उपयोग करना सीखते हैं। यह समर कैंप आगामी 20 जून तक निरंतर जारी रहेगा, जिसमें ओबरा नगर के बच्चों को योग और कला के माध्यम से आत्मनिर्भर और अनुशासित बनने की प्रेरणा दी जा रही है।

