ओबरा/सोनभद्र (19 जुलाई 2026)। इंसानियत को जोड़ने और नर सेवा को नारायण सेवा मानने के पावन संकल्प के साथ ओबरा नगर के सुभाष चौराहा स्थित प्रसिद्ध हनुमान मंदिर परिसर में श्रीराम सेवा समिति द्वारा संचालित साप्ताहिक खिचड़ी भंडारे ने सेवा का एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। प्रत्येक शनिवार को आयोजित होने वाले इस लोक-कल्याणकारी भंडारे की निरंतरता को जल्द ही सफलता पूर्वक एक वर्ष (1 साल) पूरा होने जा रहा है। हर शनिवार सायं 6:00 बजे के बाद से ही मंदिर प्रादेश में समाज के हर वर्ग के श्रद्धालुओं और जरूरतमंदों का तांता लग जाता है, जो पूरी श्रद्धा के साथ प्रसाद ग्रहण कर पुण्य के भागी बनते हैं। श्रीराम सेवा समिति के इस सेवा सफर की शुरुआत स्थानीय पत्रकार अजीत सिंह और उनके समर्पित युवा साथियों ने मिलकर एक छोटे से प्रयास के रूप में की थी। शुरुआत में एक छोटी सी टोली के साथ शुरू हुआ यह शनिवार का खिचड़ी वितरण कार्यक्रम आज ओबरा नगर का एक बहुत बड़ा और विशाल सामाजिक आयोजन बन चुका है। समिति के सदस्यों का अटूट विश्वास है कि यह भंडारा किसी भी संसाधन या सहयोग के अभाव में कभी रुकेगा नहीं, बल्कि समाज के प्रबुद्ध जनों के सहयोग से अनवरत और निरंतर चलता रहेगा। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि आगामी 22 अगस्त 2026 को इस पुनीत कार्य की शुरुआत को एक वर्ष पूरा हो रहा है। इस प्रथम वार्षिकोत्सव के उपलक्ष्य में सुभाष चौराहा हनुमान मंदिर पर एक भव्य धार्मिक व सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष दिन पर लगातार 10 घंटे तक अनवरत चलने वाला विशाल महाभंडारा आयोजित होगा, जिसमें हजारों लोगों के प्रसाद ग्रहण करने की व्यवस्था की जाएगी। यह भंडारा सिर्फ भोजन का वितरण नहीं है, बल्कि इंसानियत को आपस में जोड़ने की एक मूक मुहिम है। जब तक हम स्वयं आगे बढ़कर आगे कदम नहीं बढ़ाएंगे, तब तक समाज और देश में सकारात्मक बदलाव संभव नहीं है। आइए, इस बदलाव का हिस्सा बनें और नर सेवा में अपना योगदान दें। इस बड़े सामाजिक अनुष्ठान को सुचारू रूप से चलाने में समाज के हर वर्ग का आशीर्वाद समिति को मिल रहा है। इस महामुहिम को हनुमान मंदिर के महंत वशिष्ठ महाराज का मार्गदर्शन औ मुख्य संरक्षक बाबूराम सिंह, ओम प्रकाश सिंह, विजय शंकर, संकट मोचन झा, सरिता सिंह, क्रिस केयर स्कूल के प्रबंधक अमरदीप सिंह, सर्वेश दुबे, अरविंद मिश्रा, नरेंद्र गुप्ता, करण जोगले, रीना राय, अनिल गुप्ता, दीपक माली, छोटेलाल मिश्रा, दशरथ केसरी और आदित्य वर्मा सहित नगर के अनेक समाजसेवी, व्यापारी और युवा दिन-रात इस सेवा कार्य को आगे बढ़ाने में अपना बहुमूल्य योगदान दे रहे हैं। समिति ने ओबरा क्षेत्र की समस्त जनता से 22 अगस्त के ऐतिहासिक भंडारे में सपरिवार शामिल होने की भावपूर्ण अपील की है।
ओबरा में श्रीराम सेवा समिति के साप्ताहिक खिचड़ी भंडारे को होने जा रहा है 1 वर्ष
Related Posts
Add A Comment

