ओबरा (सोनभद्र) 17 मई 2026 मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्शों और जीवन मूल्यों से संपूर्ण ओबरा नगर राममय होने जा रहा है। पुरुषोत्तम मास के पावन और दुर्लभ अवसर पर ओबरा नगर स्थित राम मंदिर प्रांगण में आगामी 9 जून से 15 जून 2026 तक सात दिवसीय भव्य श्रीराम कथा का आयोजन सुनिश्चित हुआ है। इस कथा के माध्यम से समाज में संस्कार, सामाजिक समरसता, आपसी सौहार्द और सदाचार का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। इसी भव्य आयोजन की तैयारियों को लेकर डिग्री कॉलेज रोड स्थित होटल मीन्स में नगर के प्रतिष्ठित नागरिकों, प्रबुद्ध जनों, धर्मप्रेमियों एवं श्रद्धालुओं की एक अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में कथा को भव्य, अनुशासित एवं उच्च आध्यात्मिक गरिमा के अनुरूप संपन्न कराने हेतु विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई। होटल मीन्स में आयोजित बैठक के दौरान कथा स्थल की रूपरेखा, भीषण गर्मी को देखते हुए श्रद्धालुओं के बैठने व पानी की उत्तम सुविधा, अतिथि स्वागत, मुख्य यजमान व्यवस्था, प्रतिदिन महाप्रसाद वितरण, भजन-कीर्तन एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठानों सहित आयोजन से जुड़े सभी महत्वपूर्ण और संवेदनशील विषयों पर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया। आयोजन को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए सर्वसम्मति से एक मजबूत श्रीराम कथा आयोजन समिति का गठन करते हुए पदाधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गईं। संरक्षक मंडल एस.के. चौबे (एडवोकेट), कपूर चंद पांडेय (एडवोकेट), पुष्पराज पांडेय (एडवोकेट), धुरंधर शर्मा, राजीव वैश्य, सुशील कुशवाहा एवं शिवनाथ जायसवाल। अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, कार्यवाहक अध्यक्ष बृजेश पाण्डेय,
कोषाध्यक्ष ताड़केश्वर केशरी, सह-कोषाध्यक्ष सुधाकर शुक्ला, समिति में मुख्य रूप से मोहन लाल जायसवाल, आशीष तिवारी, नीलेश मिश्रा, सुनील सिंह, अनुज त्रिपाठी, राम निवास तोमर एवं राकेश मिश्रा (सभासद) सहित नगर के अन्य गणमान्य नागरिक शामिल किए गए हैं। आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से बताया कि इस सात दिवसीय आध्यात्मिक अनुष्ठान में कथा व्यास के आसन पर अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त परम पूज्य कथा वाचक दिलीप कृष्ण भारद्वाज जी महाराज विराजमान होंगे। उनके मुखारविंद से ओबरा वासियों को प्रभु श्रीराम के चरित्र पर अमृत वर्षा सुनने को मिलेगी। कथा के माध्यम से मर्यादा पुरुषोत्तम के आदर्श जीवन, सत्य की महिमा, त्याग, अटूट कर्तव्यनिष्ठा, परिवार के प्रति सम्मान, समाज के प्रति उत्तरदायित्व एवं सनातन धर्म के मार्ग पर अडिग रहने की दिव्य प्रेरणा समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाई जाएगी। बैठक को संबोधित करते हुए विभिन्न वक्ताओं ने वर्तमान सामाजिक ताने-बाने पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा वर्तमान आधुनिक समय में जिस प्रकार समाज में नैतिक मूल्यों का ह्रास हो रहा है, पारिवारिक विघटन (टूटते परिवार) देखने को मिल रहे हैं, आपसी कटुता और सामाजिक विषमताएं पैर पसार रही हैं, ऐसे चुनौतीपूर्ण समय में भगवान श्रीराम का जीवन संपूर्ण मानव समाज के लिए एकमात्र प्रकाश स्तंभ है। प्रभु ने अपने जीवन के हर कदम पर मर्यादा, धैर्य, असीम करुणा, न्याय और सामाजिक समरसता (सबको साथ लेकर चलने) का संदेश दिया है। इस कथा का मुख्य ध्येय यही है कि हमारी नई पीढ़ी अपनी गौरवशाली भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं से गहराई से जुड़ सके। आयोजन समिति के सदस्यों ने समस्त ओबरा नगर सहित आस-पास के क्षेत्रों के धर्मप्रेमियों से अपील की है कि वे प्रतिदिन समय से निकालकर, सपरिवार कथा श्रवण हेतु पधारें और इस पुनीत कार्य को सफल बनाएं। कथा अवधि (9 से 15 जून) के दौरान प्रतिदिन सुबह-शाम विशेष धार्मिक अनुष्ठान, सामूहिक भजन-कीर्तन एवं कथा की आरती के उपरांत व्यापक स्तर पर प्रसाद (भंडारा) वितरण की व्यवस्था रहेगी, जिससे संपूर्ण सोनभद्र जनपद में एक अलौकिक, भक्तिमय एवं सकारात्मक ऊर्जा से भरे आध्यात्मिक वातावरण का संचार होगा।
ओबरा में सजेगी प्रभु श्रीराम की अलौकिक अदालत 9 जून से भव्य श्रीराम कथा का आयोजन, अंतरराष्ट्रीय कथावाचक दिलीप कृष्ण भारद्वाज करेंगे रसपान
Related Posts
Add A Comment

