गाजीपुर। 26 जून 2026। जनपद में साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर थाना करीमुद्दीनपुर ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। थाना पुलिस के प्रयास से वित्तीय धोखाधड़ी के शिकार युवक के बैंक खाते से निकाले गए 50 हजार रुपये की पूरी धनराशि वापस कराई गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना करीमुद्दीनपुर क्षेत्र के बीबीपुर खास निवासी आकाश गुप्ता पुत्र शिवजी गुप्ता साइबर ठगी का शिकार हो गए थे। साइबर अपराधियों ने उनके खाते से 50 हजार रुपये की धोखाधड़ी कर ली थी। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत प्राप्त होने के बाद प्रभारी निरीक्षक राज नारायण के नेतृत्व में साइबर थाना करीमुद्दीनपुर की टीम सक्रिय हो गई। पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू करते हुए संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित किया और त्वरित कार्रवाई कर ठगी गई पूरी धनराशि को होल्ड करा दिया। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद 50 हजार रुपये की संपूर्ण राशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई।
अपनी पूरी रकम वापस मिलने पर आकाश गुप्ता ने साइबर थाना पुलिस की सराहना करते हुए प्रभारी निरीक्षक राज नारायण एवं उनकी टीम का आभार व्यक्त किया।
पुलिस अधीक्षक गाजीपुर के निर्देशन में जिले में साइबर अपराधों की रोकथाम एवं पीड़ितों को त्वरित राहत दिलाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी या साइबर अपराध होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें अथवा एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। समय रहते सूचना देने पर ठगी गई धनराशि वापस मिलने की संभावना काफी बढ़ जाती है।

