सोनभद्र। अजीत प्रताप सिंह। पावन श्रावण मास के अवसर पर सोनभद्र के प्रसिद्ध एवं प्राचीन शिवद्वार धाम में आस्था का अटूट सैलाब उमड़ रहा है। दूर-दराज के क्षेत्रों से भारी संख्या में श्रद्धालु एवं कांवड़ यात्री बाबा भोलेनाथ के दर्शन-पूजन एवं जलाभिषेक के लिए शिवद्वार धाम पहुँच रहे हैं। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिला एवं पुलिस प्रशासन सुरक्षा, यातायात तथा अन्य बुनियादी व्यवस्थाओं को लेकर पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद नजर आ रहा है। कांवड़ यात्रा और श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा के दृष्टिगत जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने संयुक्त रूप से शिवद्वार मंदिर परिसर एवं आसपास के प्रमुख मार्गों का गहन स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों शीर्ष अधिकारियों ने मंदिर परिसर और प्रवेश/निकास द्वारों पर तैनात पुलिस बल का जायजा लिया। बैरिकेडिंग और कतारबद्ध दर्शन व्यवस्था का अवलोकन किया। कांवड़ मार्गों पर यातायात के सुचारू संचालन और वाहनों के सुव्यवस्थित ठहराव की समीक्षा की। परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, रोशनी और प्राथमिक चिकित्सा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रियों एवं श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा, मंदिर परिसर एवं प्रमुख कांवड़ मार्गों पर सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखी जाएं। संवेदनशील बिंदुओं पर लगातार निगरानी रखते हुए श्रद्धालुओं का सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित दर्शन-पूजन सुनिश्चित कराया जाए। इसके साथ ही उन्होंने नगर निकाय व स्वास्थ्य विभाग को साफ-सफाई एवं पेयजल व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। पावन श्रावण मास के चलते पूरा शिवद्वार धाम शिवमय वातावरण में डूबा नजर आया। हाथों में पवित्र जल से भरी कांवड़, मन में अटूट श्रद्धा और मुख पर हर-हर महादेव तथा बोल बम के गगनभेदी जयघोष के साथ भक्तों ने बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक कर लोक-कल्याण एवं सुख-समृद्धि की कामना की। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने मंदिर परिसर व मेला क्षेत्र में तैनात पुलिस कर्मियों को संवेदनशीलता और सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पूरे क्षेत्र में सीसीटीवी तथा ड्रोन कैमरों से सतत निगरानी रखी जा रही है।
कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन सतर्क: जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने शिवद्वार धाम में व्यवस्थाओं का लिया जायजा
Related Posts
Add A Comment

