सोनभद्र। 2 जून 2026। केंद्र सरकार के सफलतम 12 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर जनपद सोनभद्र में आगामी 5 जून से 21 जून 2026 तक व्यापक स्तर पर जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस महाअभियान के सफल, सुव्यवस्थित और प्रभावी आयोजन को लेकर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने आज कलेक्ट्रेट स्थित जनसुनवाई कक्ष में जनपद स्तरीय आला अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने तैयारियों का जायजा लेते हुए सभी विभागों को समयबद्धता के साथ आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक के दौरान जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि इस 17 दिवसीय विशेष अभियान का गरिमामयी शुभारंभ 5 जून को ‘विश्व पर्यावरण दिवस’ के पावन अवसर पर किया जाएगा। इसके तहत जनपद के सभी अमृत सरोवरों, तालाबों, नहरों की पटरियों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर वृहद स्तर पर सघन वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को इसमें जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद स्तरीय वृहद वृक्षारोपण अभियान। 8 जून से 14 जून विशेष जनसंपर्क एवं जन-जागरूकता अभियान, जिसके तहत सरकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचाया जाएगा। 11 जून से 14 जून मीडिया संवाद एवं संबोधन कार्यक्रम, जिसमें सरकार की उपलब्धियों को साझा किया जाएगा। 14 जून से 16 जून जनपद के सभी विकास खंडों (ब्लॉक्स) में जन-कल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेलों का भव्य आयोजन। यहाँ पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ देने के साथ-साथ जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जाएगा। 16 एवं 17 जून विकसित भारत संकल्प सम्मेलन का आयोजन। इसमें सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों, विकास की बड़ी उपलब्धियों और सुशासन के विभिन्न आयामों से आमजन को रूबरू कराया जाएगा। 21 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद स्तर से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक आयोजित होने वाले वृहद योग कार्यक्रमों के साथ इस महाअभियान का समापन होगा। जिलाधिकारी ने कड़े लहजे में कहा कि इस अभियान के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें ताकि अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित हो सके। इस उच्चस्तरीय बैठक में मुख्य विकास अधिकारी (CDO) जागृति अवस्थी, जिला विकास अधिकारी (DDO) हेमंत कुमार सिंह, डीसी मनरेगा रविंद्र सिंह, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा सहित विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर सोनभद्र में मनेगा महाउत्सव 5 से 21 जून तक चलेगा जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान
Related Posts
Add A Comment

