आज दिनांक 22 मई 2026 को जिला कृषि अधिकारी इरम एवं उपजिलाधिकारी औराई श्याम मणि त्रिपाठी द्वारा आगामी खरीफ बुवाई के दृष्टिगत उर्वरकों की उपलब्धता एवं कालाबाजारी पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने हेतु बी-पैक्स खमरिया, पाण्डेय ट्रेडर्स औराई एवं जायसवाल खाद भंडार भरथुआ का संयुक्त निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठानों पर उपलब्ध उर्वरकों के स्टॉक, वितरण व्यवस्था, अभिलेखों एवं बिक्री रजिस्टर की जांच की गई। जांच के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों पर स्टॉक बोर्ड अद्यतन न पाए जाने तथा विक्रय अभिलेखों में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
अधिकारियों द्वारा निर्देशित किया गया कि किसानों को निर्धारित दर पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराया जाए तथा किसी भी प्रकार की जमाखोरी एवं कालाबाजारी न होने पाए।
जिला कृषि अधिकारी ने कहा कि किसानों को समय से गुणवत्तायुक्त उर्वरक उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। यदि किसी प्रतिष्ठान पर जमाखोरी अथवा कालाबाजारी पाए जाने की शिकायत प्राप्त होती है, तो संबंधित के विरुद्ध उर्वरक नियंत्रण आदेश एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के अंतर्गत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

