जखनिया (गाजीपुर)। तहसील जखनिया अंतर्गत जखनिया बाजार की सोनारी गली स्थित खुशी जनरल स्टोर के गोदाम में सोमवार की सुबह करीब 6 बजे शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। स्थानीय लोगों, व्यापारियों और पुलिस की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह गोदाम से धुआं और आग की लपटें उठती देख सोनारी गली के लोगों ने तत्काल आसपास के व्यापारियों को सूचना दी। आग तेजी से फैलने लगी तो स्थानीय लोगों ने गोदाम का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और बाजारवासियों के सहयोग से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पा लिया गया।
बताया जाता है कि खुशी जनरल स्टोर के संचालक भोला प्रसाद पुत्र जयप्रकाश, मूल रूप से सादात के निवासी हैं। उनकी दुकान और गोदाम आमने-सामने स्थित हैं। घटना की सूचना मिलते ही भोला प्रसाद एवं उनके परिजन मौके पर पहुंच गए।
घटना की जानकारी मिलने पर भुड़कुड़ा कोतवाली पुलिस भी सक्रिय हो गई। उपनिरीक्षक मोहम्मद सैफ, जयप्रकाश सिंह और प्रमोद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया। वहीं फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि अग्निशमन दल लगभग एक घंटे बाद मौके पर पहुंचा। तब तक बाजारवासियों और पुलिस के संयुक्त प्रयास से आग पर पूरी तरह काबू पाया जा चुका था।
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि यदि आग समय रहते नहीं बुझाई जाती तो आसपास स्थित सर्राफा और अन्य प्रतिष्ठित दुकानों तक इसकी चपेट पहुंच सकती थी, जिससे करोड़ों रुपये की संपत्ति को नुकसान हो सकता था।
घटना के बाद व्यापारियों और बाजारवासियों में फायर ब्रिगेड की विलंबित पहुंच को लेकर नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि जखनिया क्षेत्र में अग्निशमन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किए जाने की आवश्यकता है, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में तत्काल राहत मिल सके।
दुकान संचालक भोला प्रसाद ने बताया कि आग से गोदाम में रखा बड़ी मात्रा में सामान जलकर नष्ट हो गया है। प्रारंभिक आकलन के अनुसार उन्हें करीब 5 से 7 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा आग लगने के कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।

