/गाजीपुर। गाजीपुर जिले की होनहार बेटी अपर्णा राय ने उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित प्रवक्ता (पीजीटी) हिंदी भर्ती परीक्षा-2022 में प्रदेश स्तर पर 9वां स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस शानदार सफलता पर पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
मुहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के शिव राय का पुरा, सेमरा गांव की मूल निवासी अपर्णा राय बचपन से ही मेधावी छात्रा रही हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक एवं माध्यमिक शिक्षा अष्टशहीद इंटर कॉलेज, मुहम्मदाबाद से तथा उच्च शिक्षा शहीद स्मारक राजकीय डिग्री कॉलेज से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने हिंदी विषय में तीन बार यूजीसी-नेट तथा जेआरएफ परीक्षा उत्तीर्ण कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। वर्तमान में वह महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, वाराणसी में हिंदी विषय में शोध कार्य कर रही हैं।
इसी दौरान उनका विवाह कासिमाबाद थाना क्षेत्र के सुरवत गांव निवासी अवनीश राय के साथ हुआ। अपर्णा राय की इस उपलब्धि से उनके मायके और ससुराल दोनों परिवारों में हर्ष का माहौल है। क्षेत्र के शिक्षकों, बुद्धिजीवियों, जनप्रतिनिधियों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
परिजनों ने बताया कि अपर्णा की यह सफलता वर्षों की कठिन मेहनत, अनुशासन और शिक्षा के प्रति समर्पण का परिणाम है। उनकी उपलब्धि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। जिलेवासियों ने इसे गाजीपुर के लिए गर्व का क्षण बताते हुए अपर्णा राय को उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।

