नगसर (गाजीपुर)। जिले के नगसर थाना क्षेत्र के गगरन गांव में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। पुरानी रंजिश के चलते 10वीं कक्षा के एक छात्र पर छह नकाबपोश युवकों ने चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। छात्र की हालत चिंताजनक बताई जा रही है और उसका इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
नहर किनारे भेड़ चरा रहे छात्र को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार गगरन गांव निवासी 15 वर्षीय अरुण पाल गुरुवार को गांव के पास नहर किनारे भेड़ चरा रहा था। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार होकर पहुंचे छह नकाबपोश युवकों ने उसे घेर लिया और चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से अरुण संभल भी नहीं पाया और लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद चाकू लहराते हुए मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों और परिजनों में हड़कंप मच गया।
पीठ पर तीन गहरे घाव, छात्र अचेत
परिजन घायल छात्र को लेकर थाने पहुंचे, जहां से पुलिस ने उसे सुरक्षा के बीच सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। सीएचसी में तैनात मेडिकल ऑफिसर डॉ. मनीष कुमार ने बताया कि छात्र की पीठ पर चाकू के तीन गहरे घाव हैं, जिनसे काफी रक्तस्राव हुआ है। उपचार के दौरान छात्र अचेत अवस्था में था।
पुराने विवाद का निकला कनेक्शन
घायल छात्र के बड़े भाई यशवंत पाल ने बताया कि अरुण क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज में कक्षा 10 का छात्र है। कुछ दिनों पूर्व उसके कुछ दोस्तों का हमलावरों से विवाद और मारपीट हुई थी। आरोपियों को शक था कि अरुण भी उस विवाद में शामिल था, जबकि उसका उस घटना से कोई संबंध नहीं था। इसी रंजिश में उसे निशाना बनाया गया।
2 नामजद समेत 4 अज्ञात पर मुकदमा
घटना के संबंध में परिजनों ने दो नामजद और चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ नगसर थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस बोली— जल्द होंगे गिरफ्तार
थानाध्यक्ष धीरेंद्र सोनकर ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि सभी हमलावरों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हेडिंग
पुरानी रंजिश में 10वीं के छात्र पर चाकुओं से हमला, 6 नकाबपोशों ने नहर किनारे घेरकर किया लहूलुहान
गाजीपुर में सनसनी: 10वीं के छात्र पर 6 नकाबपोशों का चाकू से जानलेवा हमला, पुरानी रंजिश बनी वजह
Related Posts
Add A Comment

