भदोही/गोपीगंज नगर क्षेत्र में रेडी, ठेला एवं खोमचा लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करने वाले छोटे व्यवसायियों के सामने इन दिनों रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। आरोप है कि सड़क किनारे ठेला या खोमचा लगाते ही पुलिस कार्रवाई करते हुए उन्हें पकड़कर धारा 151 के तहत चालान कर रही है, जिससे गरीब और मेहनतकश वर्ग में भय एवं आक्रोश का माहौल व्याप्त है। स्थानीय ठेला एवं खोमचा व्यवसायियों का कहना है कि महंगाई और बेरोजगारी के दौर में वे किसी तरह छोटे-मोटे व्यवसाय के माध्यम से अपने परिवार का पेट पाल रहे हैं। लेकिन पुलिस की लगातार कार्रवाई के कारण उनका कामकाज प्रभावित हो रहा है। उनका आरोप है कि सड़क पर ठेला लगाते ही पुलिसकर्मी उन्हें हटाने के साथ-साथ हिरासत में लेकर 151 की कार्रवाई कर देते हैं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। व्यवसायियों का कहना है कि यदि प्रशासन द्वारा कोई वैकल्पिक व्यवस्था या निर्धारित स्थान उपलब्ध कराया जाए तो वे वहां अपना व्यवसाय संचालित करने को तैयार हैं। बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के कार्रवाई किए जाने से गरीब परिवारों के समक्ष जीविका का संकट उत्पन्न हो गया है। क्षेत्र के कई लोगों ने भी मांग की है कि प्रशासन गरीब ठेला, रेडी और खोमचा व्यवसायियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके लिए उचित स्थान चिह्नित करे, ताकि यातायात व्यवस्था भी बनी रहे और गरीब परिवारों की आजीविका भी प्रभावित न हो। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई को लेकर व्यवसायियों में भय का माहौल है और वे प्रशासन से राहत एवं न्यायपूर्ण समाधान की मांग कर रहे हैं।
गोपीगंज पुलिस की कार्रवाई से रेडी, ठेला और खोमचा व्यवसायियों में दहशत, रोजी-रोटी पर मंडराया संकट।
Related Posts
Add A Comment

