गाजीपुर : गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी, गैबिपुर के लिए एक बार फिर गर्व का क्षण आया है । एकेडमी के होनहार खिलाड़ी विराट यादव का चयन भारतीय थल सेना की प्रतिष्ठित बिहार रेजिमेंट में हो गया है । उनकी इस उपलब्धि से एकेडमी, परिजनों एवं क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है ।
विराट यादव जनपद गाजीपुर के देवकली विकासखंड अंतर्गत जेवल के छपरा गांव निवासी रामअवतार यादव एवं बिंदु देवी के पुत्र हैं । लगभग चार वर्ष पूर्व वे गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी के प्रबंध निदेशक अमित कुमार सिंह के संपर्क में आए। उस समय विराट कुश्ती के खिलाड़ी थे । उनकी शारीरिक क्षमता, अनुशासन और खेल प्रतिभा को पहचानते हुए अमित कुमार सिंह ने उन्हें वुशू खेल का विशेष प्रशिक्षण देना प्रारंभ किया ।
अमित कुमार सिंह ने बताया कि कुश्ती के खिलाड़ी होने के कारण विराट को थ्रो तकनीक में स्वाभाविक महारत प्राप्त थी । उनकी इसी विशेषता को आधार बनाकर उन्हें बॉक्सिंग के पंच और ताइक्वांडो की किक का प्रशिक्षण दिया गया । थ्रो, पंच और किक के इस प्रभावी संयोजन ने वुशू खेल में उनके प्रदर्शन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा दिया । देखते ही देखते विराट ने विभिन्न राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए । उनकी प्रतिभा को देखते हुए उन्हें पटना स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षण शिविर का अवसर भी प्राप्त हुआ ।
उन्होंने बताया कि बिहार रेजिमेंट की भर्ती प्रक्रिया के दौरान आयोजित स्पोर्ट्स कोटा ट्रायल में भी विराट ने अपना शानदार प्रदर्शन बरकरार रखा और उत्कृष्ट अंकों के साथ भारतीय सेना की भर्ती प्रक्रिया सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर ली । इस उपलब्धि से गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी में प्रसन्नता और उत्साह का वातावरण है ।
श्री सिंह ने बताया कि विराट यादव शीघ्र ही भारतीय सेना के छह माह के प्रारंभिक प्रशिक्षण हेतु रवाना होंगे । इसी उपलक्ष्य में रविवार को गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी में उनके सम्मान में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शुभकामनाएं प्रदान कीं ।
सम्मान समारोह में प्रदेश शासन के वाणिज्य कर विभाग के पूर्व आयुक्त महेन्द्र प्रताप पांडेय, श्रीजी मेडिकल सैदपुर के प्रबंधक गोपेश पांडेय, ए.के. नेशनल इंटर कॉलेज, औड़िहार के प्रबंधक अवधेश सिंह ‘गुड्डू सिंह’, सुनील यादव, रविंद्र राम, योगेश प्रजापति सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे ।

