फेफना, बलिया। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना फेफना पुलिस और एसओजी टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गौ-हत्या से संबंधित मामले में एक बाल अपचारी को अभिरक्षा में लेने के साथ ही दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने छह वाहनों से कुल 26 गोवंश बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक बलिया के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी सदर एवं थानाध्यक्ष फेफना के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 16/17 जून की रात थाना फेफना पुलिस टीम को सूचना मिली कि कुछ वाहन गोवंश लेकर भाग रहे हैं। सूचना के आधार पर एसओजी टीम और थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वयना रेलवे क्रॉसिंग के पास छह वाहनों को पकड़ लिया। मौके से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जबकि कुछ आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
तलाशी के दौरान चार पिकअप, एक बोलेरो और एक मैजिक वाहन से कुल 26 गोवंश बरामद हुए, जिनमें 17 गाय तथा 9 बछड़ा-बछिया शामिल हैं।
गिरफ्तार अभियुक्तों में शनि अंसारी पुत्र मंटू अंसारी निवासी बयासी थाना दुबहड़ तथा रिकीत कुमार उर्फ रितिक पुत्र नंदलाल निवासी कोट अजोरपुर थाना नरही बलिया शामिल हैं। इसके अलावा एक बाल अपचारी को भी पुलिस ने अभिरक्षा में लिया है।
पुलिस ने बताया कि वाहनों के कागजात प्रस्तुत नहीं किए जाने पर उन्हें मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज किया गया है। मामले में थाना फेफना पर मुकदमा अपराध संख्या 104/26 धारा 3/5A/8 गोवध निवारण अधिनियम एवं 11 पशु क्रूरता अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त रिकीत कुमार उर्फ रितिक का पूर्व में भी गोवध निवारण अधिनियम व पशु क्रूरता अधिनियम से संबंधित मुकदमा थाना फेफना में दर्ज है।

