गाजीपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर शुक्रवार को पार्टी कार्यालय समता भवन में सामाजिक न्याय के अग्रदूत राजर्षि छत्रपति शाहूजी महाराज की जयंती जिलाध्यक्ष गोपाल यादव की अध्यक्षता में मनाई गई। कार्यक्रम में वक्ताओं ने छत्रपति शाहूजी महाराज के योगदान को याद करते हुए भाजपा सरकार की नीतियों पर जमकर निशाना साधा।
जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने कहा कि छत्रपति शाहूजी महाराज ने सबसे पहले अपने संस्थानों में आरक्षण व्यवस्था लागू कर सामाजिक न्याय की मजबूत नींव रखी थी, लेकिन वर्तमान सरकार उनकी भावनाओं के विपरीत कार्य कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार गरीबों, दलितों और पिछड़ों को आरक्षण से वंचित करने की मंशा से युवाओं को रोजगार नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय, संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी।
उन्होंने कहा कि संविधान सुरक्षित रहेगा तभी गरीब, पिछड़े और वंचित वर्गों के अधिकार सुरक्षित रहेंगे। समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लाना ही समाजवादी पार्टी का संकल्प है।
पूर्व जिलाध्यक्ष रामधारी यादव ने कहा कि राजर्षि छत्रपति शाहूजी महाराज लोकतांत्रिक मूल्यों के समर्थक थे। उन्होंने दावा किया कि पीडीए की ताकत ने केंद्र सरकार को कमजोर किया है और यदि पिछड़ों एवं दलितों के अधिकारों से खिलवाड़ किया गया तो वर्ष 2027 में भाजपा को प्रदेश की सत्ता से बाहर होना पड़ेगा।
पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. नन्हकू यादव ने भाजपा सरकार की नीतियों और मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार संविधान के लिए खतरा बन चुकी है। उन्होंने पीडीए समाज से एकजुट रहने का आह्वान करते हुए कहा कि इसी एकजुटता के बल पर समाजवादी पार्टी देश की तीसरी सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत बनकर उभरी है।
कार्यक्रम में रामाधार यादव, अरुण कुमार श्रीवास्तव, सुशील जायसवाल, आत्मा यादव, सदानंद यादव, जयराम भारती, माखन रामाशीष, सुग्गु, विवेक यादव, संजय, अजय, अशोक, अच्छेलाल यादव, लड्डन खां सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला महासचिव कन्हैयालाल विश्वकर्मा ने किया।
छत्रपति शाहूजी महाराज की जयंती पर सपा का भाजपा पर हमला, कहा- संविधान और आरक्षण बचाने की लड़ाई जारी रहेगी
Related Posts
Add A Comment

