जखनियां (गाजीपुर)। रेलवे वाराणसी मंडल जनप्रतिनिधि सभा की बैठक में राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत ने गाजीपुर जनपद के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के विस्तार तथा मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। इस दौरान उन्होंने मंडल रेल प्रबंधक को पत्र सौंपकर जखनियां रेलवे स्टेशन सहित जिले के कई स्टेशनों से जुड़ी जनसमस्याओं के समाधान की मांग की।
सांसद ने विशेष रूप से जखनियां रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या 22539/22540 मऊ-आनंद विहार एक्सप्रेस के ठहराव की मांग करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। इसके साथ ही प्लेटफार्म संख्या 1 एवं 2 पर यात्रियों की सुविधा के लिए पीपी शेल्टर का विस्तार कराने की मांग भी की, ताकि गर्मी, बरसात और सर्दी के मौसम में यात्रियों को राहत मिल सके।
उन्होंने जखनियां रेलवे स्टेशन के उत्तरी रेलवे क्रॉसिंग पर दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों के लिए पुराने फाटक के समीप अंडरपास निर्माण की मांग भी उठाई। उनका कहना था कि इससे आए दिन लगने वाले जाम और यातायात संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान हो सकेगा।
सांसद ने रेलवे स्टेशन को मुख्य सड़क से जोड़ने वाले मार्ग की जर्जर स्थिति और अतिक्रमण की समस्या का भी उल्लेख किया। उन्होंने सड़क के चौड़ीकरण, मरम्मत तथा अतिक्रमण हटाने की मांग करते हुए यात्रियों के लिए बेहतर आवागमन व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
इसके अलावा उन्होंने दिव्यांग, बुजुर्ग और बीमार यात्रियों को प्लेटफार्म संख्या 1 से 2 तक पहुंचने में होने वाली कठिनाइयों को देखते हुए सुगम मार्ग अथवा आवश्यक सुविधा विकसित करने की मांग की। दोहरीकरण कार्य के दौरान हटाए गए प्लेटफार्म संख्या 2 के पुनर्निर्माण का मुद्दा भी उन्होंने प्रमुखता से उठाया।
भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष प्रमोद वर्मा ने कहा कि राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत पूर्व में भी संसद में जखनियां रेलवे स्टेशन के विकास और पुनरुद्धार का मुद्दा उठा चुकी हैं। उनके प्रयासों से क्षेत्र के लोगों में उम्मीद जगी है कि लंबे समय से लंबित मांगें जल्द पूरी होंगी और स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का विस्तार होगा।
उन्होंने रेलवे मंत्रालय एवं उच्च अधिकारियों से मांग करते हुए कहा कि जखनियां स्टेशन पर जनसुविधाएं बढ़ाई जाएं, मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित किया जाए तथा वर्तमान में संचालित पैसेंजर ट्रेनों में अतिरिक्त डिब्बे लगाए जाएं, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके।
प्रमोद वर्मा ने कहा कि जखनियां क्षेत्र में रेलवे ही आवागमन का प्रमुख साधन है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग यात्रा करते हैं। ऐसे में स्टेशन के विकास और सुविधाओं के विस्तार की मांग क्षेत्र की पुरानी आवश्यकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि सांसद द्वारा उठाए गए मुद्दों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई होगी और जखनियां रेलवे स्टेशन का कायाकल्प होगा।
जखनियां रेलवे स्टेशन के विकास को लेकर राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत ने उठाई आवाज, एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव समेत कई मांगें रखीं
Previous Articleतीन दिन पूर्व लापता युवक का गंगा में उतराया मिला शव
Related Posts
Add A Comment

