संवाददाता करीमुद्दीनपुर (गाजीपुर)। थाना करीमुद्दीनपुर में तैनात उपनिरीक्षक अंगद सिंह के स्थानांतरण पर थाना परिसर में सम्मान समारोह आयोजित कर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। कार्यक्रम में थाना प्रभारी निरीक्षक राज नारायण सिंह की उपस्थिति में पुलिसकर्मियों एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने उन्हें फूल-मालाओं एवं अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अपने कार्यकाल के दौरान उपनिरीक्षक अंगद सिंह ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान तथा निष्पक्ष एवं संवेदनशील कार्यशैली से लोगों का विश्वास जीता। उनके सरल स्वभाव और कर्तव्यनिष्ठा की सभी ने सराहना की।
विदाई समारोह को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक राज नारायण सिंह ने कहा कि अंगद सिंह ने अपने दायित्वों का ईमानदारी एवं समर्पण के साथ निर्वहन किया है। उनकी कार्यशैली, अनुशासन और व्यवहार हमेशा याद किए जाएंगे। उन्होंने नई तैनाती के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर उपस्थित पुलिसकर्मियों एवं स्थानीय लोगों ने अंगद सिंह के साथ बिताए गए अनुभव साझा किए और उन्हें भावभीनी विदाई देते हुए कहा कि उनकी सेवाओं को करीमुद्दीनपुर क्षेत्र सदैव याद रखेगा।

