सोनभद्र। अजीत प्रताप सिंह। जनपद सोनभद्र में जनसुनवाई के दौरान एक बेबस दादा और उनकी मासूम नातिन की समस्या पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने संवेदनशीलता दिखाते हुए त्वरित संज्ञान लिया और छात्रा को पढ़ाई जारी रखने के लिए तत्काल साइकिल उपलब्ध कराई। प्रशासन के इस त्वरित कदम से न केवल छात्रा के रोज़ाना किलोमीटरों पैदल चलने की मजबूरी खत्म हुई, बल्कि उसके उज्ज्वल भविष्य की राह भी आसान हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चतरा विकासखंड के ग्राम संडा निवासी रामनारायण अपनी नातिन संध्या की शिक्षा से जुड़ी गंभीर समस्या को लेकर कलेक्ट्रेट स्थित जनसुनवाई में जिलाधिकारी के समक्ष उपस्थित हुए।
उन्होंने आपबीती सुनाते हुए बताया कि उनकी नातिन संध्या हरे कृष्णा कुशवाहा इंटरमीडिएट कॉलेज, चतरा में कक्षा 7 की छात्रा है। उनका विद्यालय घर से लगभग 8 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। परिवार की आर्थिक स्थिति अत्यंत दयनीय होने के कारण वे कोई वाहन खरीदने में असमर्थ थे, जिसके चलते 12 वर्षीय संध्या को प्रतिदिन 16 किलोमीटर (आने-जाने में) पैदल ही सफर तय करना पड़ता था। मासूम छात्रा की पीड़ा और पढ़ाई के प्रति उसकी लगन को देखकर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बिना कोई देरी किए संबंधित अधिकारियों को तत्काल नई साइकिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कुछ ही समय में छात्रा को चमचमाती साइकिल सौंप दी गई। यह मानवीय पहल प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने, उन्हें आत्मनिर्भर बनाने तथा महिला सुरक्षा व सशक्तिकरण को धरातल पर उतारने की प्रशासनिक प्रतिबद्धता को दर्शाती है। साइकिल हाथ में मिलते ही वृद्ध रामनारायण और नातिन संध्या की आँखों में खुशी और कृतज्ञता के आँसू छलक पड़े। उन्होंने हाथ जोड़कर जिलाधिकारी का बार-बार धन्यवाद किया और आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि जिले में बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और उनके विकास के रास्ते में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी। जिला प्रशासन हर ज़रूरतमंद और होनहार बेटी को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करने हेतु सदैव तत्पर है।
जनसुनवाई में छात्रा की समस्या पर जिलाधिकारी ने लिया त्वरित संज्ञान, उपलब्ध कराई साइकिल
Related Posts
Add A Comment

