भदोही : जिलाधिकारी शैलेष कुमार के कुशल निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जनपद भदोही में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु सोमवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लीड बैंक मैनेजर अमित गुप्ता, उपायुक्त उद्योग दयाशंकर सरोज, जिला मिशन प्रबंधक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान प्रदेश सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जोड़ते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार उपलब्ध कराने वाला उद्यमी बनाया जाना इस योजना का प्रमुख लक्ष्य है। योजना के अंतर्गत प्रतिवर्ष एक लाख युवाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाने तथा आगामी दस वर्षों में दस लाख युवाओं को उद्यमिता एवं रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि योजना के प्रथम चरण में पात्र युवाओं को ₹5 लाख तक की परियोजनाओं के लिए चार वर्षों तक शत-प्रतिशत ब्याजमुक्त एवं गारंटी-मुक्त ऋण की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। इसके अतिरिक्त परियोजना लागत पर 10 प्रतिशत मार्जिन मनी अनुदान तथा सीजीटीएमएसई शुल्क की प्रतिपूर्ति का लाभ भी प्रदान किया जाता है। वहीं द्वितीय चरण में सफल उद्यमियों को ₹10 लाख तक की परियोजनाओं की स्थापना हेतु वित्तीय सहायता एवं नियमानुसार ब्याज अनुदान की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों, ग्राम पंचायत अधिकारियों, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, कौशल विकास मिशन, सेवायोजन विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि पात्र युवाओं की पहचान कर उन्हें योजना की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जाए तथा अधिक से अधिक आवेदन ऑनलाइन माध्यम से कराए जाएं। उन्होंने विशेष रूप से प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी), कौशल विकास मिशन तथा अन्य प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जुड़े लाभार्थियों को प्राथमिकता के आधार पर योजना से जोड़ने पर बल दिया।
बैठक में बताया गया कि 21 से 40 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे युवा, जो न्यूनतम कक्षा 8 उत्तीर्ण हों तथा किसी मान्यता प्राप्त कौशल, तकनीकी अथवा उद्यमिता प्रशिक्षण का प्रमाणपत्र रखते हों, योजना के लिए पात्र हैं। आवेदन प्रक्रिया पूर्णतः ऑनलाइन होगी तथा परीक्षण उपरांत प्रकरणों को बैंकों को अग्रसारित किया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी ने लीड बैंक मैनेजर एवं सभी बैंक शाखा प्रबंधकों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा पात्र आवेदकों को ऋण स्वीकृति एवं वितरण की प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने कहा कि जनपद भदोही को योजना के क्रियान्वयन में प्रदेश के अग्रणी जनपदों में शामिल करने के लिए प्रशासन एवं बैंकिंग संस्थाओं के मध्य प्रभावी समन्वय आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान युवाओं के सपनों को साकार करने का सशक्त माध्यम है। इस योजना से न केवल नए उद्योग एवं उद्यम स्थापित होंगे, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी तथा जनपद की आर्थिक प्रगति को नई दिशा मिलेगी। बैठक के अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिलाधिकारी के नेतृत्व में अभियान को जन-जन तक पहुंचाने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए तथा अधिक से अधिक पात्र युवाओं को योजना से लाभान्वित कर स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जोड़ा जाए।
bhadhoi repoter news: भदोही :जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि जनपद के विद्यालयो/महाविद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओ को समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री अभ्युदय योजनान्तर्गत सिविल सेवा परीक्षा, पी0सी0एस0, एस0एस0सी0 सी0जीएल0, जे0ई0ई0, नीट, एन0डी0ए0 सी0डीएस० आदि हेतु उत्साही छात्र-छात्राओं को साक्षात प्रशिक्षण/आनलाइन प्रशिक्षण सलाह प्रदान किये जाने/निःशुल्क कोचिंग काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, ज्ञानपुर के ई-लाइब्रेरी में संचालित की जा रही है।
अतः योजनान्तर्गत सत्र 2026-27 मे सिविल सेवा परीक्षा, पी0सी0एस0, एस0एस0सी0 सी0जीएल0, जे0ई0ई0, नीट, एन0डी0ए0 सी0डीएस० आदि की निःशुल्क कोचिंग हेतु काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, ज्ञानपुर के ई-लाइब्रेरी से या समाज कल्याण विभाग विकास भवन तथा अभ्युदय पोर्टल Abhyuday.one के माध्यम से प्राप्त किया जा सकता है। आवेदन पत्र जमा करने की अन्तिम तिथि 25 जून 2026 है

