सोनभद्र । देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन एवं गौरवपूर्ण अवसर की पूर्व संध्या पर सोनभद्र के जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने समस्त जनपदवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। अपने शुभकामना संदेश में जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महान स्वतंत्रता सेनानियों एवं अमर बलिदानियों के अद्वितीय त्याग, कठिन संघर्ष और अगाध राष्ट्रप्रेम का स्मरण कराता है। हमारे वीर सपूतों का अदम्य साहस और समर्पण सदैव हम सभी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा इस पावन अवसर पर हम सभी राष्ट्र प्रथम की मूल भावना के साथ देश की एकता, अखंडता एवं सामाजिक समरसता को और अधिक मजबूत करने का संकल्प लें। प्रत्येक नागरिक अपने-अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करते हुए विकसित भारत एवं समृद्ध सोनभद्र के निर्माण में अपना बहुमूल्य योगदान दे। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने जिले के नागरिकों को प्रेरित करते हुए अंत में कहा, आइए, स्वतंत्रता के इस महापर्व को राष्ट्रप्रेम, असीम गौरव और अपार उत्साह के साथ मनाएं तथा हमारे राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे की आन, बान और शान को सदैव सर्वोपरि रखने का संकल्प लें। एक बार फिर सभी जनपदवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की अनंत बधाई एवं शुभकामनाएं।


