राबर्ट्सगंज, सोनभद्र। माननीय उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों तथा माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष (जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सोनभद्र) के आदेशानुसार, शुक्रवार (29 मई 2026) को प्राधिकरण की विशेष समिति के सदस्यगणों द्वारा इन्द्रपुरी कॉलोनी स्थित बाल गृह (बालिका) का विस्तृत निरीक्षण किया गया। यह बाल गृह पूर्वाशी ग्रामीण उत्थान विकास सेवा समिति द्वारा संचालित किया जा रहा है। समिति के सदस्यों ने बाल गृह पहुंचकर वहां की सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, आवास और भोजन की गुणवत्ता को बारीकी से परखा। निरीक्षण के समय बाल गृह की अधीक्षिका नीलम सिंह समेत संस्था का समस्त स्टाफ मौके पर उपस्थित रहा। निरीक्षण के दौरान बाल गृह में कुल 48 बालिकाएं और एक नवजात शिशु आवासित पाए गए। ये बालिकाएं सोनभद्र के अलावा मीरजापुर, शाहजहांपुर एवं भदोही जनपद से संबंधित हैं। समिति ने पाया कि बालिकाओं को निर्धारित मीनू (Menu) के अनुसार ही समय पर पौष्टिक नाश्ता और भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। निरीक्षण के साथ-साथ बाल गृह में रह रही बालिकाओं और उपस्थित स्टाफ के लिए मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत एक विशेष जागरूकता सत्र का आयोजन भी किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देना था। शिविर के माध्यम से उपस्थित बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति सजग किया गया। उन्हें घरेलू हिंसा से महिला संरक्षण अधिनियम, दहेज प्रतिषेध कानून, कार्यस्थल पर महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न (पोश अधिनियम) से जुड़े कानूनी प्रावधानों तथा विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रियाओं के बारे में अत्यंत सरल और प्रभावी ढंग से समझाया गया। सोनभद्र जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव व सिविल जज (सीनियर डिवीजन) राहुल जी ने इस निरीक्षण और विधिक साक्षरता कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी मीडिया से साझा की। उन्होंने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बालिकाओं और महिलाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी इस प्रकार के निरीक्षण व जागरूकता कार्यक्रम निरंतर जारी रहेंगे।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा राबर्ट्सगंज स्थित बाल गृह (बालिका) का औचक निरीक्षण
Related Posts
Add A Comment

