सोनभद्र (19 जुलाई 2026)। उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप शहरों को साफ-स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक बनाने की दिशा में सोनभद्र जिला प्रशासन ने एक बेहद अनूठी और महत्वाकांक्षी पहल की है। सोनांचल नगरी को वैश्विक स्तर का रूप देने के लिए कनाडा के सबसे बड़े शहर टोरंटो में फ्लाईओवर के नीचे बने विश्व प्रसिद्ध अंडरपास पार्क की तर्ज पर अब रॉबर्ट्सगंज फ्लाईओवर के नीचे भी शानदार नगरीय सुविधाएं विकसित करने का निर्णय लिया गया है। इस नवाचार के तहत पुल के नीचे खाली पड़े स्थान का सदुपयोग कर उसे खेलकूद, मनोरंजन, हरियाली और खान-पान के एक भव्य केंद्र के रूप में तब्दील किया जाएगा। इस पूरी परियोजना पर लगभग चार करोड़ रुपये की लागत आएगी। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि सोनभद्र को स्मार्ट सिटी की श्रेणी में अग्रणी बनाने के लिए कई विकास कार्य चल रहे हैं। इसी क्रम में रॉबर्ट्सगंज फ्लाईओवर के नीचे लगभग 1 किलोमीटर लंबे क्षेत्र को तीन विशेष जोन में बांटकर संवारा जाएगा। नगर के बच्चों और युवाओं को खेलकूद के बेहतर अवसर देने के लिए इस जोन में अत्याधुनिक झूले लगाए जाएंगे। इसके अलावा बैडमिंटन कोर्ट, बॉस्केटबॉल कोर्ट और क्रिकेट नेट प्रैक्टिस एरिया का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही, स्वास्थ्य के प्रति जागरूक नागरिकों के लिए एक सर्वसुविधायुक्त ओपेन जिम स्थापित होगा। फ्लाईओवर के नीचे एक व्यवस्थित और आधुनिक फूड कोर्ट विकसित किया जाएगा। यहां शहरवासी सपरिवार पहुंचकर एक सुरक्षित व साफ-सुथरे माहौल में विभिन्न प्रकार के लजीज व्यंजनों का स्वाद चख सकेंगे।पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए इस जोन में सुंदर और आकर्षक सजावटी पौधे लगाए जाएंगे। आमजन को ट्रिपल आर (रिड्यूस, रियूज और रिसाइकल) के सिद्धांत के प्रति जागरूक करने के लिए प्लास्टिक, पुराने रबर व स्क्रैप का उपयोग कर बनाए गए बेहद मनमोहक स्कल्प्चर (शिल्पकला) स्थापित किए जाएंगे। इस पूरे परिसर को विहंगम दृश्य देने के लिए पुल के पिलरों और दीवारों पर मनमोहक वॉल पेंटिंग (दीवार कला) कराई जाएगी। रात के समय यह क्षेत्र अद्भुत दिखे, इसके लिए पूरे स्पोर्ट्स, फूड और ग्रीन जोन को रंग-बिरंगी हेरिटेज व आधुनिक लाइटों से जगमग किया जाएगा। नागरिकों के बैठने के लिए बेंच व आरामदायक सिटिंग स्पेस भी तैयार होगा। परियोजना को इस तरह डिजाइन किया गया है कि शहर का मुख्य यातायात किसी भी तरह बाधित न हो। इसके लिए फ्लाईओवर के नीचे ही समुचित स्थान पर व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था भी की जाएगी। इस पूरे प्रोजेक्ट का खर्च नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (NCL) के सीएसआर (CSR) मद के तहत वहन किया जाएगा। इसकी संपूर्ण कार्ययोजना (ब्लूप्रिंट) तैयार हो चुकी है और जल्द ही धरातल पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। जिला प्रशासन की इस पहल से रॉबर्ट्सगंज के निवासियों को न केवल गंदगी और अतिक्रमण से मुक्ति मिलेगी, बल्कि शहर के बीचों-बीच मनोरंजन और सेहत सुधारने के लिए एक बेहतरीन वैश्विक स्तर का केंद्र भी मिल सकेगा।
टोरंटो की तर्ज पर रॉबर्ट्सगंज पुल के नीचे विकसित होंगी नगरीय सुविधाएं सोनभद्र को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए DM चर्चित गौड़ की अनूठी पहल
Related Posts
Add A Comment

