भदोही :–जनपद में शिक्षा एवं शिक्षक प्रशिक्षण व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) भदोही को आधुनिक सुविधाओं से युक्त सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किए जाने हेतु प्रस्तावित निर्माण कार्यों का शिलान्यास मंगलवार को वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर विधायक ज्ञानपुर विपुल दुबे, जिलाधिकारी शैलेष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
यह महत्वाकांक्षी परियोजना केंद्र सरकार की समग्र शिक्षा योजना के अंतर्गत टीचर एजुकेशन घटक में वित्तीय वर्ष 2025-26 में स्वीकृत की गई है। लगभग 1401.17 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित इस परियोजना के अंतर्गत आधुनिक सुविधाओं से युक्त एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लॉक (जी+1), एकेडमिक ब्लॉक (जी+2), 50 सीट क्षमता वाला छात्रावास (जी+1), आवासीय भवन, आरसीसी सड़क, 200 आरएम बाउंड्री वॉल, बैडमिंटन कोर्ट, बोरिंग सहित विभिन्न बाह्य विकास कार्यों का निर्माण कराया जाएगा।
परियोजना के पूर्ण होने के बाद डायट परिसर अत्याधुनिक संसाधनों, डिजिटल शिक्षण सुविधाओं एवं उन्नत प्रशिक्षण अवसंरचना से सुसज्जित होगा। इससे शिक्षक प्रशिक्षण की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार आएगा तथा प्रशिक्षुओं को आधुनिक शिक्षा प्रणाली के अनुरूप प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। अधिकारियों ने बताया कि यह संस्थान भविष्य की शैक्षिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जा रहा है, जिससे जनपद के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों को भी लाभ मिलेगा।
मा.विधायक ज्ञानपुर विपुल दुबे ने कहा कि डायट को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया जाना जनपद के शैक्षिक विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक एवं डिजिटल संसाधनों से युक्त यह संस्थान शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रदान करेगा, जिसका सीधा लाभ विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं सर्वांगीण विकास पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है और यह परियोजना उसी संकल्प का परिणाम है।
जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप निर्माण कार्यों को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण कराया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परियोजना के प्रत्येक चरण की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि निर्धारित समयावधि में सभी कार्य पूर्ण हो सकें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विकसित होने के बाद यह संस्थान उत्कृष्ट शिक्षक प्रशिक्षण केंद्रों में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करेगा तथा शिक्षा के क्षेत्र में नए मानक स्थापित करेगा।
डायट भदोही को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाने की दिशा में बड़ा कदम, निर्माण कार्यों का हुआ शिलान्यास
Previous Articleसड़क हादसों में घायलों को मिलेगा 1.5 लाख तक का मुफ्त इलाज एसपी ऑफिस में हुई महत्वपूर्ण बैठक
Next Article जनसुनवाई में लापरवाही पर जिलाधिकारी सख्त
Related Posts
Add A Comment

