दिल्ली में हुए ब्लास्ट की घटना के मद्देनज़र, वाराणसी में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करते हुए हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। संवेदनशील और अति संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस द्वारा लगातार फुट पेट्रोलिंग की जा रही है।
एसीपी दशाश्वमेध शुभम कुमार सिंह ने बताया कि हाई अलर्ट के बाद लगातार गश्त की जा रही है। उन्होंने जुम्मे की नमाज के संबंध में विशेष सुरक्षा प्रबंधों की जानकारी देते हुए कहा कि बाबा विश्वनाथ गेट नंबर 3 पर नमाज अदा करने आने वाले मुस्लिम भाइयों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस जवानों को तैनात किया गया है, ताकि किसी को किसी प्रकार की दिक्कत न हो।

एसीपी ने यह भी बताया कि सुरक्षा के साथ-साथ अतिक्रमण को लेकर भी सख्ती बरती जा रही है। दुकानदारों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे अतिक्रमण न करें। चेतावनी दी गई है कि अतिक्रमण करते पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और कुछ लोगों का चालान भी किया जाएगा।
एसीपी शुभम कुमार सिंह ने जनता से अपील की है कि अगर कोई भी संदिग्ध व्यक्ति या संदिग्ध गतिविधि दिखे, तो तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन पर संपर्क कर सूचना दें।
इस दौरान एसीपी दशाश्वमेध शुभम कुमार सिंह , थाना चौक प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार मिश्रा, और समस्त चौकी इंचार्ज अपने हमराहियों के साथ मौजूद रहे।

