विश्व हिंदू महासंघ के तत्वावधान में शिवाजी तालाब हनुमान मंदिर परिसर में 12 से 18 सितंबर तक चला साप्ताहिक श्रद्धांजलि पर्व
मुख्य अतिथि प्रदेश मंत्री सत्यप्रकाश पांडेय व महामंडलेश्वर किरन नंद गिरी ने दीप प्रज्वलित कर महंत जी के चित्र पर अर्पित किए श्रद्धासुमन
हनुमान चालीसा पाठ, गौसेवा व सहभोज के साथ संपन्न हुआ आयोजन वक्ताओं ने जात-पात से ऊपर उठकर सनातन संस्कृति को मजबूत करने का दिया संदेश
वॉइस इंडिया न्यूज़
संवाददाता रीना राय
दुद्धी/सोनभद्र
राष्ट्र संत, श्री गोरखनाथ मंदिर गोरखपुर के पूर्व पीठाधीश्वर एवं युग पुरुष ब्रह्मलीन महंत अवैद्यनाथ जी महाराज की 12वीं पुण्यतिथि के अवसर पर दुद्धी नगर में आयोजित भव्य साप्ताहिक कार्यक्रम का श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक समरसता के वातावरण में भावपूर्ण समापन हुआ।
विश्व हिंदू महासंघ के तत्वावधान में दुद्धी नगर पंचायत स्थित शिवाजी तालाब हनुमान मंदिर परिसर में 12 से 18 सितंबर तक आयोजित इस साप्ताहिक श्रद्धांजलि पर्व का सफल नेतृत्व महामंडलेश्वर माता किरन नंद गिरी (क्षेत्रीय अध्यक्ष—काशी-प्रयाग संभाग, किन्नर प्रकोष्ठ, विश्व हिंदू महासंघ) द्वारा किया गया। कार्यक्रम के समापन समारोह का शुभारंभ महामंडलेश्वर किरन नंद गिरी एवं मुख्य अतिथि के रूप में पधारे विश्व हिंदू महासंघ के प्रदेश मंत्री सत्यप्रकाश पांडेय द्वारा ब्रह्मलीन महंत अवैद्यनाथ महाराज के चित्र पर माल्यार्पण व 12 दीप प्रज्वलित कर किया गया।कार्यक्रम के सुव्यवस्थित एवं मंच संचालन की जिम्मेदारी विश्व हिंदू महासंघ के प्रदेश मंत्री नागेश्वर प्रसाद गौंड ने प्रभावी ढंग से निभाई, जिनके कुशल संचालन में समस्त आयोजन क्रमबद्ध रूप से संपन्न हुए। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सत्यप्रकाश पांडेय ने राष्ट्र निर्माण, राम मंदिर आंदोलन और सामाजिक समरसता के क्षेत्र में महंत अवैद्यनाथ जी महाराज के अतुलनीय योगदान को याद किया। प्रदेश मंत्री सत्यप्रकाश पांडेय ने कहा कि कार्यकर्ताओं को पूज्य महंत जी के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करते हुए जात-पात, ऊंच-नीच के भेद से ऊपर उठकर संपूर्ण हिंदू समाज की एकता और सनातन संस्कृति की रक्षा के लिए संकल्पित होना चाहिए। महामंडलेश्वर किरन नंद गिरी ने अपने ओजस्वी विचार व्यक्त करते हुए कहा कि महंत अवैद्यनाथ जी के सामाजिक सेवा व समरसता के संकल्प को निरंतर आगे बढ़ाना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से गौसेवा, जनसेवा और सनातन मूल्यों से जुड़कर भाईचारे को मजबूत करने की अपील की। सप्ताहभर चले इस आयोजन के दौरान प्रतिदिन सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ, गौसेवा, स्वच्छता अभियान एवं समाजसेवा से जुड़े विभिन्न रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
समापन अवसर पर एक विशाल सामाजिक समरसता सहभोज (भंडारा) का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय नागरिकों, मातृशक्ति और विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ताओं ने एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया और सामाजिक समानता का अप्रतिम संदेश दिया। पुण्यतिथि समापन समारोह में विश्व हिंदू महासंघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें मुख्य रूप से रीमा देवी (प्रदेश मंत्री, मातृशक्ति)
राजकुमार यादव उर्फ टप्पू यादव (जिला मंत्री)शिवकुमार निषाद (जिलाध्यक्ष, धर्माचार्य प्रकोष्ठ)राधा नंद गिरी (जिलाध्यक्ष, किन्नर प्रकोष्ठ)वीरेंद्र मिश्रा (निवर्तमान जिलाध्यक्ष, गौ रक्षा प्रकोष्ठ)ममता देवी (निवर्तमान जिलाध्यक्ष, मातृशक्ति)संजू देवी (नगर अध्यक्ष) सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता, महिला शक्ति एवं नगरवासी उपस्थित रहे।

