शाहगंज/सोनभद्र (21 जुलाई 2026)। जनपद सोनभद्र के थाना शाहगंज अंतर्गत ग्राम औरहथा में रहने वाले एक पीड़ित और भयभीत पिता रामलाल श्रीवास्तव अपनी 17 वर्षीय नाबालिग पुत्री की सकुशल बरामदगी के लिए दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर हैं। 26 दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस द्वारा कोई ठोस कदम न उठाए जाने से व्यथित पीड़ित पिता ने अब पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG), मिर्जापुर परिक्षेत्र के समक्ष उपस्थित होकर न्याय की गुहार लगाई है।
मामला बीती 04 जून 2026 का है, जब पीड़ित की 17 वर्षीय नाबालिग पुत्री को आरोपी शिवम मौर्य (पुत्र राजेश मौर्य, निवासी: बलुआ) द्वारा बहला-फुसलाकर अगवा कर लिया गया था। इस संबंध में थाना शाहगंज में नामजद मुकदमा भी पंजीकृत है। पीड़ित पिता ने बताया कि स्थानीय शाहगंज पुलिस द्वारा मामले में घोर शिथिलता बरते जाने पर उन्होंने 18 जून 2026 को पुलिस अधीक्षक (SP) सोनभद्र के समक्ष व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर त्वरित कार्रवाई हेतु गुहार लगाई थी। अत्यंत खेदजनक है कि जिले के सर्वोच्च पुलिस अधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपने के 12 दिन बीत जाने के बाद भी जिला पुलिस प्रशासन द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी या नाबालिग किशोरी की बरामदगी के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। थाना स्तर से लेकर SP कार्यालय तक निराशा हाथ लगने के बाद पीड़ित पिता ने DIG मिर्जापुर परिक्षेत्र की शरण ली। डीआईजी महोदय को सौंपे गए प्रार्थना पत्र में पीड़ित ने स्थानीय पुलिस पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल SOG (Special Operation Group) एवं सर्विलांस टीम को इस केस से संबद्ध किया जाए। तकनीकी साक्ष्यों (मोबाइल लोकेशन व कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स) के आधार पर आरोपी को ट्रेस कर बेटी को सकुशल बरामद किया जाए। अपहरण को लगभग 26 दिन बीत जाने के कारण आरोपी पक्ष के हौसले बुलंद हैं। पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी पक्ष द्वारा उन पर केस वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है और लगातार धमकियां दी जा रही हैं। पीड़ित रामलाल श्रीवास्तव ने मीडिया के माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश तथा उच्च पुलिस अधिकारियों से भावुक अपील करते हुए कहा कि उनकी नाबालिग बेटी की जान को गंभीर खतरा है। यदि उसके साथ कोई भी अप्रिय घटना घटित होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी स्थानीय पुलिस और जनपद प्रशासन की होगी।
नाबालिग लड़की के अपहरण के प्रकरण में 26 दिन बाद भी पुलिस निष्क्रिय, पीड़ित पिता ने DIG मिर्जापुर से लगाई गुहार
Related Posts
Add A Comment

