मरदह (गाजीपुर)। क्षेत्र के वेलसड़ी गांव स्थित प्राचीन शिव मंदिर परिसर में आयोजित नवदिवसीय श्रीराम कथा के दौरान श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ रहा है। कथा के दौरान अयोध्या धाम से पधारे राष्ट्रीय कथावाचक रामदयाल बापू जी महाराज ने अपने ओजस्वी प्रवचनों से भक्तों को रामचरितमानस के आदर्शों एवं मानव जीवन के मूल्यों से अवगत कराया।
कथावाचक ने कहा कि “निर्मल मन में ही भगवान का वास होता है।” उन्होंने बताया कि जिस व्यक्ति का मन निष्कपट, पवित्र और सद्भावनाओं से परिपूर्ण होता है, उसी पर भगवान की विशेष कृपा बनी रहती है। राम कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि मानव जीवन को सही दिशा देने का माध्यम है।
श्रीराम कथा का आयोजन क्षेत्र के समाजसेवी बलवंत सिंह एवं संदीप गुप्ता द्वारा कराया जा रहा है। श्रद्धालुओं का मानना है कि उनके इस पुण्य प्रयास से पूरे क्षेत्र की जनता को राम कथा रूपी अमृत का पान करने का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है। कथा स्थल पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर कथा श्रवण कर रहे हैं और भक्ति रस में सराबोर हो रहे हैं।
इस अवसर पर समाजसेवी एवं अधिवक्ता हरिप्रसाद पाण्डेय सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कथा के समापन तक विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।
निर्मल मन में ही भगवान का वास होता है : रामदयाल बापू जी महाराज|
Related Posts
Add A Comment

