जमानियां। नगर पालिका परिषद जमानियां के अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता ने सोमवार को अपना तीन दिवसीय धरना समाप्त कर दिया। उन्होंने भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय समेत पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों की ओर से मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने के आश्वासन के बाद यह कदम उठाया।
दरअसल, अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता के खिलाफ एमएलसी विशाल सिंह चंचल के प्रतिनिधि डॉ. प्रदीप पाठक की शिकायत पर पद के दुरुपयोग समेत अन्य आरोपों में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। गुप्ता ने इन आरोपों को राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित और फर्जी मुकदमा बताते हुए विरोध में पिछले तीन दिनों से क्रमिक धरना शुरू किया था।
सोमवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता धरना स्थल पर पहुंचे और चेयरमैन जयप्रकाश गुप्ता से वार्ता की। नेताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा कानून के अनुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय के आश्वासन पर चेयरमैन ने धरना समाप्त करने का निर्णय लिया।
धरना समाप्त करते हुए जयप्रकाश गुप्ता ने कहा कि पार्टी और संगठन के शीर्ष पदाधिकारियों के आश्वासन पर उन्होंने अपना आंदोलन समाप्त किया है। उन्हें न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है और निष्पक्ष जांच के बाद न्याय मिलने की उम्मीद है।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, पूर्व मंत्री विजय मिश्रा, जिला महामंत्री विष्णु प्रताप सिंह, मनीष, संदीप बिंद, अनिल कुमार और जिला मंत्री पप्पू कुशवाहा समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी व सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Related Posts
Add A Comment

