नोनहरा (गाजीपुर), 25 जून 2026। नोनहरा थाना क्षेत्र में चोरी की बढ़ती घटनाओं ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है। ताजा मामले में महमूदपुर गांव स्थित एक मकान को निशाना बनाते हुए चोरों ने लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है तथा ग्रामीण पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महमूदपुर निवासी अजीत गोस्वामी पुत्र रमाशंकर गोस्वामी के घर गुरुवार तड़के करीब दो बजे चोर खिड़की तोड़कर भीतर घुस गए। इसके बाद अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे बहुमूल्य आभूषण और 50 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान में छह जोड़ी कान के झाले, चार अंगूठियां, दो चेन, एक मंगलसूत्र समेत अन्य कीमती जेवरात शामिल हैं। पीड़ित परिवार ने चोरी गए सामान की कीमत 10 लाख रुपये से अधिक बताई है।
घटना की जानकारी होने पर परिवार के लोगों ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। चोरी की घटना से गांव और आसपास के क्षेत्रों में भय का वातावरण व्याप्त है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पूर्व में भी कई बड़ी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं हो सका है। उल्लेखनीय है कि 22 जनवरी 2026 को ग्राम सभा थनईपुर के प्रधान प्रतिनिधि विजय राम के घर पचास लाख रुपये से अधिक की चोरी हुई थी। उसी रात चकदाउत, मोहम्मदपुर निवासी प्रहलाद मिश्रा के घर भी चोरों ने लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ किया था। इसके अलावा 17 जनवरी 2026 को फतेहपुर अटवा गांव में लगभग 18 लाख रुपये के आभूषण और 50 हजार रुपये नकद चोरी होने की घटना सामने आई थी।
लगातार हो रही चोरियों और अब तक किसी भी मामले में गिरफ्तारी न होने से क्षेत्रवासियों में पुलिस के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों ने रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और शीघ्र खुलासा करने की मांग की है।
इस संबंध में नोनहरा थाना प्रभारी विवेक कुमार तिवारी ने बताया, “मामले की जांच कराई जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।”
नोनहरा में चोरों का आतंक: खिड़की तोड़ घर में घुसे बदमाश, 10 लाख से अधिक के जेवरात व नकदी पार
Related Posts
Add A Comment

