गोसाईगंज, लखनऊ थाना गोसाईगंज क्षेत्र में मंगलवार देर शाम बेखौफ बदमाशों ने एक सर्राफा व्यापारी को गोली मारकर घायल कर दिया और जेवरात से भरा बैग व स्कूटी लूटकर फरार हो गए। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।जानकारी के अनुसार कटारा वार्ड, अमेठी कस्बा निवासी सचिन वर्मा (38) पुत्र स्वर्गीय राम कुमार वर्मा की रामबाग, अमेठी में ज्वेलरी की दुकान है। मंगलवार रात करीब 8:30 बजे वह दुकान बंद कर अपने घर लौट रहे थे। पीड़ित के अनुसार जैसे ही वह सईद नगरामी की दुकान के पास पहुंचे, तभी तीन अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने उनके पैर में गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।गोली लगने के बाद बदमाश सचिन वर्मा के पास मौजूद जेवरात से भरा बैग और उनकी स्कूटी लूटकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही थाना गोसाईगंज प्रभारी दिलेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल व्यापारी को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोसाईगंज भेजा गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सिविल अस्पताल रेफर कर दिया।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है तथा संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दिनदहाड़े नहीं बल्कि शाम के समय हुई इस दुस्साहसिक वारदात ने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यापारी वर्ग में घटना को लेकर दहशत और आक्रोश का माहौल है।
पहले ज्वैलर्स को गोली मारकर की हत्या फिर लूटे लाखों के जेवरात पुलिस ने गठित की विशेष टीमें
Related Posts
Add A Comment

