बैरिया, बलिया। बलिया पुलिस की स्वाट/सर्विलांस टीम और बैरिया थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पुलिस मुठभेड़ के दौरान अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक चोरी का ट्रैक्टर, एक ट्रैक्टर ट्रॉली, 11 चोरी की मोटरसाइकिलें, दो पंपिंग सेट मोटर, चोरी में प्रयुक्त उपकरण तथा एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई 19 जुलाई 2026 की तड़के करीब 2:45 बजे की गई। पुलिस टीम बैरिया से बिहार जाने वाले मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर वाहन चोरों की घेराबंदी की गई।
पुलिस के अनुसार, घिरने पर आरोपी हेमंत सिंह पुत्र हरेराम सिंह, निवासी कुरैजी, थाना गड़वार ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में हेमंत सिंह के दाहिने पैर में गोली लगी। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
पुलिस ने मौके से अन्य चार आरोपियों हर्ष राज सिंह उर्फ राज सिंह, दिनेश श्रीवास्तव, अनुज उपाध्याय उर्फ शिवम उपाध्याय तथा जयकुमार गोड़ उर्फ सन्टुल गोड़ को भी गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी चोरी के वाहन बिहार में बेचने ले जा रहे थे।
घायल आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा (.315 बोर), एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस ने सभी बरामद वाहनों और सामान को कब्जे में लेकर मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
रिपोर्ट: सैयद सेराज अहमद, बलिया
पुलिस मुठभेड़ में 5 अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरफ्तार, चोरी के ट्रैक्टर, ट्रॉली और 11 बाइक बरामद
Related Posts
Add A Comment

