गाजीपुर/मऊ। गाजीपुर जनपद के मरदह थाना क्षेत्र अंतर्गत पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक ट्रक चालक की दर्दनाक मौत हो गई। बालू लदी ट्रक सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आशीष कुमार (25 वर्ष) पुत्र दीनाराम निवासी अमुवारी नारायणपुर थाना जीयनपुर जनपद आजमगढ़ ट्रक चालक था। वह बिहार से बालू लादकर आजमगढ़ की ओर जा रहा था। बुधवार सुबह करीब 6:45 बजे वह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 301 किलोमीटर के निकट पहुंचा ही था कि सड़क किनारे टायर बदल रहे एक खड़े ट्रक से उसकी ट्रक टकरा गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक आशीष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने तत्काल पूर्वांचल एक्सप्रेसवे कर्मियों को दी। मौके पर पहुंचे कर्मचारियों ने एंबुलेंस की सहायता से घायल चालक को जिला अस्पताल मऊ पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल प्रशासन द्वारा घटना की सूचना थाना सरायलखंसी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी सरायलखंसी घनश्याम यादव ने बताया कि जिला अस्पताल से प्राप्त मेमो के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है तथा शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रक से टकराई बालू लदी ट्रक, चालक की मौत
Related Posts
Add A Comment

