गाजीपुर। राष्ट्रीय पत्रकार परिषद के प्रदेश अध्यक्ष सुशील चौबे के पूज्य पिताजी के निधन का समाचार मिलते ही संगठन में शोक की लहर दौड़ गई। शनिवार को राष्ट्रीय पत्रकार परिषद की गाजीपुर इकाई के पदाधिकारी एवं सदस्यों ने उनके निजी आवास पर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि “माता-पिता की कमी को कोई भी कभी पूरा नहीं कर सकता, लेकिन दुख की इस घड़ी में अपनों का साथ दर्द को कुछ हद तक जरूर कम कर देता है।” सभी ने प्रदेश अध्यक्ष सुशील चौबे एवं उनके परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
पदाधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि राष्ट्रीय पत्रकार परिषद परिवार इस कठिन समय में प्रदेश अध्यक्ष के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है और हर परिस्थिति में उनका संबल बना रहेगा।
शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे पदाधिकारियों ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन भी रखा तथा ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को यह असहनीय पीड़ा सहने का साहस प्रदान करें।

