नंदगंज (गाजीपुर)। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्मित सौरम मोड़ से सबुआ-सुआपुर मार्ग इन दिनों बदहाली का शिकार है। सड़क पर जगह-जगह बने छोटे-बड़े गड्ढों के कारण राहगीरों, वाहन चालकों और स्कूली छात्र-छात्राओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटना की आशंका और बढ़ गई है।
यह मार्ग मुड़कटनी, सौरम, सबुआ और आसपास के कई गांवों को नंदगंज बाजार से जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण रेलवे स्टेशन, बैंक, डाकघर, अस्पताल तथा अन्य आवश्यक कार्यों के लिए इसी सड़क का उपयोग करते हैं। सड़क की जर्जर स्थिति के कारण लोगों का सफर कठिन हो गया है। वाहनों के खराब होने के साथ यात्रा में अतिरिक्त समय भी लग रहा है।
इसी मार्ग पर राजकीय पशु चिकित्सालय, अमर शेषनाथ इंडेन सर्विस कार्यालय, पांच बड़े हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम के विद्यालय तथा कई महाविद्यालय स्थित हैं। विद्यालयों के संचालन के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पैदल, साइकिल और स्कूल वाहनों से इसी मार्ग से आवागमन कर रहे हैं। सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण कई छात्र-छात्राएं गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं, जिससे अभिभावकों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से शीघ्र सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते गड्ढों की मरम्मत नहीं कराई गई तो बरसात के दौरान किसी बड़े हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता।
प्रधानमंत्री सड़क योजना का मार्ग बदहाल, गड्ढों से बढ़ा हादसों का खतरा
Related Posts
Add A Comment

