फेफना (बलिया), 1 जून। थाना फेफना पुलिस ने सीईआईआर (CEIR) पोर्टल और सर्विलांस की मदद से दो गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को सुपुर्द कर दिया। मोबाइल वापस मिलने पर स्वामियों ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
पुलिस अधीक्षक बलिया श्री ओमवीर सिंह के निर्देशन में गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) श्री संजय वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी सदर श्री राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना फेफना पुलिस को यह सफलता मिली।
पुलिस के अनुसार, विभिन्न स्थानों पर खोए हुए मोबाइल फोन के संबंध में आवेदकों द्वारा सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके बाद थाना फेफना पुलिस ने सर्विलांस सेल बलिया और थाना साइबर हेल्प डेस्क के सहयोग से मोबाइलों की तलाश शुरू की।
सोमवार को पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए लगभग 30 हजार रुपये मूल्य के दो गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर लिए। आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए गए।
मोबाइल बरामद करने वाली टीम में उपनिरीक्षक गणेश पाण्डेय तथा कांस्टेबल अश्वनी कुमार मिश्रा शामिल रहे। पुलिस की इस कार्यवाही से मोबाइल स्वामियों में खुशी का माहौल है।

