बलिया। उभांव थाना क्षेत्र के अवायां गांव के पास हुए भीषण सड़क हादसे में एक दंपति की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। सबसे मार्मिक पहलू यह है कि इस हादसे में एक तीन साल की मासूम बच्ची अनाथ हो गई।
जानकारी के अनुसार, नगरा सरकारी अस्पताल में तैनात 32 वर्षीय एएनएम नीतू अपने 35 वर्षीय पति धन्नजय चौधरी के साथ बाइक से घर लौट रही थीं। इसी दौरान उनकी बाइक पहले एक ई-रिक्शा से टकराई और फिर अनियंत्रित होकर एक कार की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एम्बुलेंस द्वारा सीयर सीएचसी पहुंचाया गया। वहां इलाज के दौरान नीतू की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल धन्नजय चौधरी को बेहतर उपचार के लिए मऊ रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
घटना के बाद बेल्थरा रोड स्थित उनके घर पर मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक धन्नजय के पिता अमिर चंद गहरे सदमे में हैं, वहीं परिवार की स्थिति को देखते हुए वृद्ध मां को अब तक हादसे की जानकारी नहीं दी गई है।
इस हादसे में पंकज, गिरिजा देवी, राजाराम, संगीता, ज्योति, राज, चांदनी देवी और रेनू देवी समेत आठ लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है।
इस हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
बलिया में दर्दनाक सड़क हादसा: पति-पत्नी की मौत, 3 साल की मासूम के सिर से उठा माता-पिता का साया
Related Posts
Add A Comment

