भदोही। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) भदोही इकाई द्वारा नवनियुक्त जिलाध्यक्ष सुनील सिंह पटेल के स्वागत में गोपीगंज स्थित पेट्रोल पंप के समीप एक प्रतिष्ठान में भव्य स्वागत समारोह एवं संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भाग लेकर जिलाध्यक्ष का माल्यार्पण कर जोरदार स्वागत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत जिलाध्यक्ष सुनील सिंह पटेल ने शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए की। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस दौरान राष्ट्रीय लोकदल की विचारधारा से प्रभावित होकर अपना दल (एस) छोड़कर आए दो दर्जन से अधिक लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। जिलाध्यक्ष ने सभी नए सदस्यों एवं नवनियुक्त पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया तथा मिठाई खिलाकर उन्हें संगठन की मुख्यधारा से जोड़ा।
बैठक में विभिन्न पदाधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। क्षेत्रीय महासचिव राजेश विश्वकर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल किसानों, युवाओं और समाज के वंचित वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाने वाला दल है तथा संगठन को मजबूत करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कार्य करना होगा।
क्षेत्रीय महासचिव दिनेश शर्मा ने कहा कि पार्टी की नीतियां आमजन के हितों पर आधारित हैं और जिले में संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सभी पदाधिकारी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
क्षेत्रीय महासचिव विंध्यवासिनी उपाध्याय ने संगठन की मजबूती पर बल देते हुए कहा कि गांव-गांव तक पार्टी की पहुंच बढ़ाने के लिए व्यापक सदस्यता अभियान चलाया जाएगा और युवाओं को संगठन से जोड़ा जाएगा।
वहीं क्षेत्रीय उपाध्यक्ष बृजेश सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल की बढ़ती लोकप्रियता से अन्य दलों के कार्यकर्ता भी प्रभावित होकर पार्टी में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भदोही जनपद में रालोद एक मजबूत राजनीतिक शक्ति के रूप में उभरेगा।
बैठक की अध्यक्षता लालचंद मोदनवाल ने की। कार्यक्रम में अमित विश्वकर्मा, सचिन दूबे, संदीप पाण्डेय, सुनील मिश्रा, मोहित सेठ, शाहिद परवेज अंसारी, सुमित गुप्ता, सूबेदार सिंह, सूर्यबली बिन्द, संजय यादव, सत्यनारायण यादव, राधेश्याम, प्रदीप जायसवाल, संतोष पाण्डेय, रमाशंकर बिन्द, प्रभाशंकर बिन्द सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान और आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर चर्चा की गई तथा जिले में राष्ट्रीय लोकदल को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया। समारोह उत्साह, जोश और संगठनात्मक एकजुटता के माहौल में संपन्न हुआ।

