भांवरकोल (गाजीपुर),
भांवरकोल चट्टी स्थित एक गुमटी के सामने रखी चौकी पर सो रहे बिहार निवासी एक व्यक्ति की मंगलवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान मोहम्मद कमालुद्दीन (पुत्र मोहम्मद शाह), निवासी ग्राम कोईरपुरवा, थाना व जिला बक्सर (बिहार) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, मोहम्मद कमालुद्दीन पिछले दो दिनों से ग्राम लोचाईन निवासी करीमन राम के यहां आए हुए थे। बताया जा रहा है कि करीमन राम उन्हें उनके घर बक्सर छोड़ने की बात कहकर भांवरकोल चट्टी तक लाए थे, लेकिन किसी कारणवश वह घर नहीं जा सके और चट्टी पर एक गुमटी के सामने रखी चौकी पर ही दो दिनों से रह रहे थे। मंगलवार (4 अगस्त 2026) की सुबह करीब 5 बजे उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने आशंका जताई कि मृतक आर्थिक तंगी के कारण समय पर उचित इलाज नहीं करा सके, जिससे उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई। कुछ ग्रामीणों ने आर्थिक लेनदेन से जुड़े विवाद की भी चर्चा की, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सूचना पर पहुंचे उपनिरीक्षक दयाशंकर यादव ने पुलिस बल के साथ मौके का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल गाजीपुर भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।
भांवरकोल चट्टी पर बिहार निवासी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, ग्रामीणों ने इलाज न मिलने और आर्थिक तंगी का लगाया आरोप
Related Posts
Add A Comment

