भांवरकोल (गाजीपुर), 03 जून 2026। विकास खंड भांवरकोल परिसर में बुधवार को जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, गाजीपुर द्वारा कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण चिन्हांकन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित हुआ, जिसमें क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में दिव्यांगजन पहुंचे।
शिविर में एडीओ समाज कल्याण अधिकारी भांवरकोल संतोष कुमार कुशवाहा, चिकित्सक डॉ. शशिकांत कुशवाहा, कनिष्ठ सहायक शमश अंसारी, एनजीओ प्रतिनिधि घुरहू राम सहित गाजीपुर मुख्यालय से आई टीम उपस्थित रही। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दिव्यांगजनों की आवश्यकताओं का आकलन कर उन्हें कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराने हेतु चिन्हांकन एवं पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कराई।
शिविर में कुल 38 पंजीकरण फॉर्म भरे गए। पंजीकरण कराने वालों में लोचाईन की शोभा देवी, पखनपुरा के फुलझार सिंह यादव, दहिनवर की वैष्णवी शर्मा, मनिया के पुरुषोत्तम गोंड, गोडी खास के निशु तथा तरांव के सुरेश सहित अनेक दिव्यांगजन शामिल रहे।
शिविर के सफल आयोजन से दिव्यांगजनों में उत्साह देखा गया। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि चिन्हित लाभार्थियों को आवश्यकतानुसार कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे उनके जीवन को अधिक सुगम और आत्मनिर्भर बनाया जा सके।

