उत्तर प्रदेश में जनगणना 2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का शुभारंभ आज दिनांक 22 मई 2026 को सफलतापूर्वक किया गया। इससे पूर्व, राज्य में स्व-गणना (Self Enumeration) का कार्य दिनांक 07 मई से 21 मई 2026 तक किया गया, जिसमें अंतिम दिन दिनांक 21 मई तक कुल 47,96,158 परिवारों द्वारा स्व-गणना पूर्ण की गई। यह जनसहभागिता का एक सराहनीय उदाहरण है, जो लोगों की जागरूकता एवं सहभागिता को दर्शाता है।
आज, 22 मई को मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के अंतर्गत घर-घर सर्वेक्षण कार्य का शुभारंभ राज्य के कुल 3,89,312 मकानसूचीकरण ब्लॉक (HLB) में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों द्वारा किया गया। प्रथम दिवस पर सभी भवनों को संख्या प्रदान करने तथा नजरी नक्शा (Layout Map) तैयार करने का कार्य प्राथमिकता से किया जा रहा है।
प्रगणकों द्वारा आज के दिन 1,35,02,160 घरों तक पहुंच बनाते हुए जनगणना मकान संख्या अंकित की गई है। इसके साथ ही, प्रथम दिवस पर 4.30 PM तक 56 मकानसूचीकरण ब्लॉकों (HLB) में कार्य पूर्ण कर लिया गया है, जबकि 14,546 मकानसूचीकरण ब्लॉकों (HLB) में मोबाइल एप के माध्यम से आंकड़ों का संकलन कार्य प्रारंभ हो चुका है।
यह “एक सशक्त शुरुआत” जनगणना 2027 के सफल एवं समयबद्ध संचालन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। राज्य प्रशासन, सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी प्रतिबद्धता के साथ इस महत्त्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को आगे बढ़ा रहे हैं।

