हापुड़ (मनीष कुमार) सड़क पर तेज धमाके की आवाज निकालने वाले मॉडीफाई साइलेंसर के खिलाफ प्रशासन ने मंगलवार को बाबूगढ़ क्षेत्र में बड़ा अभियान चलाया। उ०प्र० शासन और इलाहाबाद उच्च न्यायालय के निर्देश पर परिवहन विभाग, यातायात पुलिस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने कई गैराजों पर औचक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान बब्बू मिस्त्री की दुकान पर मॉडीफाई साइलेंसर लगी चार बुलेट मोटरसाइकिल पकड़ी गईं, जिन्हें सीज कर दिया गया। साथ ही मौके से कई मॉडीफाई साइलेंसर भी जब्त किए गए।
अभियान में क्षेत्राधिकारी यातायात राहुल यादव, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) रमेश कुमार चौबे, यात्रीकर अधिकारी आशुतोष उपाध्याय, थाना प्रभारी बाबूगढ़ प्रवीण चौधरी और यातायात पुलिस की टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने बताया कि लगातार मिल रही शिकायतों के बाद यह विशेष अभियान चलाया गया। जांच के दौरान बब्बू मिस्त्री की दुकान पर कई बुलेट मोटरसाइकिलों में अवैध रूप से मॉडीफाई साइलेंसर लगाए जाने का मामला सामने आया। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चार बुलेट मोटरसाइकिलों को बाबूगढ़ थाने में सीज करा दिया। वहीं दुकान से बरामद सभी मॉडीफाई साइलेंसर भी जब्त कर लिए गए। प्रशासन ने गैराज संचालक पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाते हुए भविष्य में इस तरह का कार्य दोबारा न करने की कठोर चेतावनी दी।
इसके अलावा अभियान के दौरान छह अन्य वाहनों का भी मॉडीफाई साइलेंसर लगाने पर चालान किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ऐसे वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई भी की जाएगी। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) रमेश कुमार चौबे ने कहा कि शासन और उच्च न्यायालय के निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जा रहा है। मॉडीफाई साइलेंसर लगाकर सड़क पर तेज धमाके की आवाज निकालना न सिर्फ मोटर व्हीकल एक्ट का उल्लंघन है, बल्कि यह आम जनता की शांति और सुरक्षा से भी जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि कई बार ऐसे साइलेंसर से निकलने वाली तेज आवाज से बुजुर्ग, बच्चे और मरीज प्रभावित होते हैं, वहीं सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालक भी अचानक घबराकर हादसे का शिकार हो सकते हैं।
रमेश कुमार चौबे ने कहा कि कुछ लोग शौक और दिखावे के लिए अपनी बुलेट या अन्य वाहनों में अवैध साइलेंसर लगवा लेते हैं, लेकिन अब ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल वाहन चालक ही नहीं, बल्कि ऐसे अवैध साइलेंसर लगाने वाले गैराज संचालकों को भी किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। यदि कोई गैराज संचालक दोबारा इस तरह की गतिविधियों में शामिल पाया गया तो उसके खिलाफ और कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग अपने वाहनों को निर्धारित मानकों के अनुरूप ही रखें और किसी भी प्रकार का अवैध मॉडीफिकेशन न कराएं। परिवहन विभाग द्वारा आगे भी जिलेभर में लगातार अभियान चलाए जाएंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सीज, भारी जुर्माना और लाइसेंस निलंबन जैसी कार्रवाई जारी रहेगी।

