मोहम्मदाबाद (गाजीपुर)। यूसुफपुर स्थित माता महाकाली मंदिर परिसर में 27 जुलाई को माता महाकाली का भव्य श्रृंगार, सामूहिक हवन-पूजन एवं विशाल भंडारे का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में पहुंचकर दर्शन-पूजन किया तथा प्रसाद ग्रहण कर सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोकगीत कलाकारों ने भजन-कीर्तन प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। गायक डॉ. अशोक शर्मा ने “निमिया के डार मैया”, जबकि पंचदेव आनंद ने “छोटी-मोटी मैया मोरी निमिया गछिया” सहित अन्य देवी गीत प्रस्तुत किए, जिन पर श्रद्धालु देर तक झूमते रहे। वहीं मुन्ना शर्मा और राजेंद्र शर्मा ने देवी पचरा गीतों की मनमोहक प्रस्तुति देकर भक्तों को भावविभोर कर दिया।
माता महाकाली के दरबार में मोहम्मदाबाद थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने नारियल और चुनरी अर्पित कर विश्व कल्याण एवं जन-कल्याण की कामना की। इस अवसर पर मंदिर के पुजारी ने उन्हें अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में मंदिर अध्यक्ष विनोद मद्धेशिया, बलराम जायसवाल, रामजी जायसवाल, भरत शर्मा, हरिनारायण सिंह यादव, पंचदेव आनंद, आरजू, आंचल, मंटू यादव, शिवजी गुप्ता, प्रियांशु गुप्ता, सुशांत राय, आयुष गुप्ता, शिवजी केसरी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
देर रात तक चले भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम के समापन पर महाकाली मंदिर के पुजारी सत्य प्रकाश स्वरूप मुकेश जी ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
यूसुफपुर में माता महाकाली का हुआ भव्य श्रृंगार, भजन-कीर्तन व हवन-पूजन में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
Related Posts
Add A Comment

