(गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के रघुवरगंज चट्टी पर शाम एक सड़क दुर्घटना में कार और टैंकर की टक्कर हो गई। हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि कार सवार सुरक्षित बच गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार क्षेत्रीय लोकगीत कलाकार अरुण मिश्रा निवासी अवथहीं, भांवरकोल किसी आवश्यक कार्य से यूसुफपुर बाजार जा रहे थे। शाम करीब 4 बजे जब वह रघुवरगंज चट्टी के पास पहुंचे, तभी ओवरटेक करने के दौरान एक तेज रफ्तार तेल टैंकर ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी।
अरुण मिश्रा ने बताया कि टैंकर चालक के नियंत्रण खोने से उनकी कार दुर्घटना का शिकार हुई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। उन्होंने इसे ईश्वर की कृपा बताते हुए कहा कि बड़ा हादसा टल गया।
बताया जा रहा है कि संबंधित टैंकर मुगलसराय डिपो से तेल लेकर बलिया की ओर जा रहा था। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को अपने कब्जे में लेकर थाने ले आई।
थाना प्रभारी वीरेंद्र प्रताप त्रिपाठी ने बताया कि अभी तक किसी पक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
रघुवरगंज चट्टी पर बड़ा हादसा टला, टैंकर की टक्कर से कार क्षतिग्रस्त
Related Posts
Add A Comment

